दिल्ली अवैध शराब और गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। नशीले पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली के करावल नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 22 किलो से अधिक गांजा, भारी मात्रा में अवैध शराब तथा 2.51 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि बरामद नकदी अवैध कारोबार से अर्जित की गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 और 19 जून की दरम्यानी रात करीब 2 बजे करावल नगर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल तरुण गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने शिव विहार इलाके में एक मकान के बाहर दो व्यक्तियों को संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े देखा। उनके पास कुछ गत्ते के डिब्बे और एक बैग मौजूद था। पुलिस द्वारा पूछताछ और तलाशी लेने पर डिब्बों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब तथा बैग में हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ मिला।
जांच में बरामद पदार्थ गांजा निकला, जबकि डिब्बों में विभिन्न ब्रांडों की शराब की बोतलें और बीयर कैन पाए गए। मौके से कुल 122 क्वार्टर नाइट ब्लू व्हिस्की, 278 क्वार्टर संत्रा देसी शराब, 22 क्वार्टर व्हाइट एंड ब्लू व्हिस्की, 24 क्वार्टर ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की, 18 बीयर कैन तथा 320 ग्राम गांजा बरामद किया गया। सभी शराब की बोतलों पर 'फॉर सेल इन हरियाणा/दिल्ली ओनली' अंकित था।
पुलिस ने मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय (24) निवासी गली नंबर-2, शिव विहार, करावल नगर और एक 34 वर्षीय महिला निवासी शिव विहार के रूप में की। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे अवैध रूप से शराब की बिक्री करते थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि बड़ी मात्रा में गांजा प्रेम विहार निवासी ओम के घर में छिपाकर रखा गया है। इस जानकारी के बाद थाना करावल नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर संजय सिंह के नेतृत्व में और एसीपी खजूरी खास यतिन शर्मा के पर्यवेक्षण में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम तुरंत प्रेम विहार स्थित बताए गए पते पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराया तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत आवश्यक नोटिस प्रदान किए।
अभियान के दौरान पुलिस ने ओम के घर से 21.720 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद आरोपी ओम (23) पुत्र उदय पाल, निवासी गली नंबर-10, प्रेम विहार, करावल नगर को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अजय और महिला आरोपी के निवास स्थानों की भी तलाशी ली। वहां से कुल 2.51 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। इस मामले में करावल नगर थाने में एफआईआर संख्या 164/2026 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा और अवैध शराब की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 4:22 PM IST












