दिल्ली जम्मू मंडल से संचालित चार ट्रेनें भी निरस्त, 10 अक्टूबर के प्रर्दशन के बीच रेलवे का फैसला
जम्मू, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को संभावित भारी यातायात जाम को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एहतियातन कई ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जम्मू मंडल से संचालित चार महत्वपूर्ण ट्रेनों को भी निरस्त कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास संभावित सड़क जाम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली मार्ग की ट्रेन संख्या 12446, 04082 और 22462 शामिल हैं। इनके प्रस्थान समय क्रमशः शाम 7:50 बजे, रात 9:00 बजे और रात 11:25 बजे निर्धारित थे। इसके अलावा जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधनी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 12426 (जिसका प्रस्थान समय रात 9:25 बजे है) भी रद्द कर दी गई है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये सभी ट्रेनें 9 अक्टूबर 2026 को अपने प्रारंभिक स्टेशन से संचालित नहीं होंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जबकि सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार सूचना प्रसारित की जा रही है। यात्रियों से अपनी यात्रा की योजना नए सिरे से बनाने की अपील की गई है। ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 और एनटीईएस ऐप के जरिए भी प्राप्त की जा सकती है।
बता दें कि 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में बड़े पैमाने पर यातायात बाधित होने की आशंका जताई गई है। इसी कारण भारतीय रेलवे ने उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है जो 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने स्रोत स्टेशन से रवाना होकर 10 अक्टूबर की सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचने वाली थीं।
जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने यात्रियों से रेलवे द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांचने की अपील की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Oct 2026 7:01 PM IST












