सदरलैंड की शानदार गेंदबाजी, लिचफील्ड ने खेली अर्धशतकीय पारी, ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया
ब्रिस्बेन, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश को 7 विकेट से शिकस्त दी। ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड मैदान पर बांग्लादेश से मिले 167 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आसानी से 25.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और जॉर्जिया वोल 19 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटीं। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए सलामी बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड ने एलिस पेरी संग मिलकर दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 89 रनों की अहम साझेदारी निभाई। लिचफील्ड बेहतरीन लय में दिखाई दीं और उन्होंने 57 गेंदों का सामना करते हुए 77 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। अपनी इस इनिंग में उन्होंने 10 चौके और एक छक्का लगाया। बेथ मूनी ने 13 रनों का योगदान दिया।
वहीं, पेरी 45 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि एनाबेल सदरलैंड ने 23 गेंदों में 25 रनों की नाबाद पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी में हबीबा इस्लाम पिंकी ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजों के आगे बांग्लादेश की बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम महज 166 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से रितु मोनी ने सर्वाधिक 45 रन बनाए, जबकि निगर सुल्ताना ने 29 रन बनाए।
शर्मिन अख्तर ने 26 गेंदों में 24 रनों का योगदान दिया। शोर्ना अख्तर ने 50 गेंदों में 21 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी में एनाबेल सदरलैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9.4 ओवर में 30 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं, मेगन शट ने 2 विकेट लेने के साथ-साथ बेहद किफायती भी रहीं और उन्होंने 10 ओवर में महज 19 रन खर्च किए। एश्ले गार्डनर औरताहलिया मैकग्राथ ने एक-एक विकेट चटकाया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला रविवार (11 अक्टूबर) को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Oct 2026 7:01 PM IST












