दिल्ली केशव पुरम इलाके में एक घर में लगी आग, पांच लोग झुलसे
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के केशव पुरम थाना इलाके में एक मकान में आग लगने से दहशत फैल गई। इस घटना में 5 लोगों को घायल होने की सूचना है। मौके पर तीन दमकल गाड़ियां और केशव पुरम पुलिस स्टेशन की टीमें पहुंचीं, जिन्होंने आग बुझाने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, यह घटना केशव पुरम थाना इलाके के त्रिनगर अनाज मंडी के पास हुई। मकान में सुबह करीब 7 बजे आग लगी। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह 7:10 बजे तीसरी मंजिल पर स्थित एक घर में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां पहुंचीं। केशव पुरम पुलिस स्टेशन की टीमें और एक एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर भेजी गई।
बताया गया कि आग पूरे मकान में फैल गई और इस दौरान 5 लोग झुलस गए। पुलिस और एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने के बाद सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया।
ज्ञात हो कि राजधानी दिल्ली में पिछलों आग लगने की घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत हुई थी। 18 मार्च को दिल्ली के पालम इलाके में एक इमारत में आग लगी थी। यह इमारत राजेंद्र कश्यप की थी, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर कपड़े और कॉस्मेटिक का शोरूम था। दूसरी-तीसरी मंजिल पर परिवार रहता था। मरने वालों में तीन बच्चियां भी शामिल थीं।
वहीं, 24 मार्च को बवाना सेक्टर-2 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक प्लाईवुड गोदाम में आग लगी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को सुबह करीब 3:55 बजे मिली थी, जिसके बाद तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया था। कुल 17 दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला था। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 10:16 AM IST












