युवा कलाकारों से सीख रही हैं नीना गुप्ता, बोलीं-नई पीढ़ी के साथ काम करने से रहती हूं अपडेट
मुंबई, 27 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में समय के साथ खुद को बदलते रहना और हर दिन नया सीखना बहुत जरूरी होता है। एक्ट्रेस नीना गुप्ता का मानना है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने बताया कि वह आजकल युवा कलाकारों के साथ काम करके बहुत कुछ सीख रही हैं। इसी अनुभव को उन्होंने एक वीडियो के जरिए इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे नई पीढ़ी के साथ जुड़कर वह खुद को समय के साथ ढाल रही हैं।
नीना गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा, "मैं इन दिनों एक सीरीज में युवा लड़कियों के साथ काम कर रही हूं और उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। आजकल का संगीत कैसा है, लोग किस तरह की भाषा बोलते हैं, फैशन में क्या चल रहा है और सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल कैसे किया जाता है, ये सारी बातें मैं अपने साथ काम करने वाले युवा कलाकारों से सीख रही हूं।"
उन्होंने कहा, "कई ऐसी चीजें हैं, जिनके बारे में मुझे पहले ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन अब मैं धीरे-धीरे सब समझने लगी हूं। यह अनुभव मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि इससे मेरी सोच और समझ दोनों में बदलाव आ रहा है।"
नीना गुप्ता ने कहा, ''नई पीढ़ी के लोगों के साथ काम करने से मुझे एक अलग नजरिया मिला है। इससे मुझे यह समझने में मदद मिल रही है कि आज के समय में लोग कैसे सोचते हैं और किस तरह से अपनी जिंदगी जीते हैं। मेरे एक पुराने दोस्त मिस्टर तलवार (जो अब इस दुनिया में नहीं है) ने एक बार मुझसे कहा था कि जब वह जवान थे, तो उन्होंने अपने से बड़े लोगों के साथ रहकर उनसे सीखा और जब वह बड़े हो गए, तो उन्होंने युवाओं के साथ रहना शुरू किया, ताकि उनसे नई चीजें सीख सकें।''
नीना गुप्ता को अपने दोस्त की ये बात काफी गहरी लगी और उन्होंने इसे अपनी जिंदगी में अपनाया।
उन्होंने कहा, ''अब मैं जानबूझकर युवा लोगों के बीच रहती हूं और सीखने की कोशिश करती हूं। मेरा मानना है कि अगर इंसान सीखना बंद कर देता है, तो वह पीछे रह जाता है। इसलिए मैं हर दिन कुछ नया सीखने की कोशिश करती हूं, चाहे वह छोटी चीज ही क्यों न हो। यही सोच मुझे आज भी इंडस्ट्री में बनाए रखे हुए है।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 1:14 PM IST












