दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई ओडिशा-आंध्र से दिल्ली तक फैले तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 26.35 किलो गांजा बरामद
नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतर-राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 26.35 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क ओडिशा और आंध्र प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर तक गांजे की आपूर्ति कर रहा था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-II यूनिट ने एक गुप्त सूचना के आधार पर की। सूचना मिली थी कि पालम के राज नगर निवासी राहुल कुमार उर्फ टुटान द्वारका के पोचनपुर इलाके में गांजे की खेप पहुंचाने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर 4 जून की रात सेक्टर-23, पोचनपुर में एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की और सरकारी वाहन को टक्कर मार दी। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस ने राहुल कुमार को दबोच लिया। कार की तलाशी में एक सफेद बोरी से 25 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 26.35 किलोग्राम गांजा मिला। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर जांच कराई गई, जिसमें बरामद पदार्थ गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में राहुल कुमार ने खुलासा किया कि वह आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी पमुलापति श्रीनिवास उर्फ अन्ना से गांजा लेकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तम नगर इलाके से श्रीनिवास को गिरफ्तार कर लिया।
आगे की पूछताछ में श्रीनिवास ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के गजपति जिले से लाई जाती थी। इसके बाद तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ओडिशा पहुंची और गजपति जिले से मुख्य सप्लायर प्रतिनिधि कराड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के साथ ही 'स्ट्रीट-टू-सोर्स' अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया और पूरे सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह ओडिशा और आंध्र प्रदेश से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में विभिन्न तस्करों और डीलरों तक पहुंचाता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, वित्तीय लेन-देन, पिछले और भविष्य के सप्लाई रूट तथा खरीदारों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार और पमुलापति श्रीनिवास पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। राहुल के खिलाफ आबकारी, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं, जबकि श्रीनिवास पर भी चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की गई एक एसएक्स-4 कार भी जब्त की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अंतर-राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच लगातार जारी है और जल्द ही इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 6:26 PM IST












