देश की खातिर इंजेक्शन लेकर खेलने उतरे थे टी.सी योहानन, एशियाई खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर जीता गोल्ड
नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। हर खेल में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जिनके प्रदर्शन की मिसालें दी जाती हैं। अपने त्याग, बलिदान और सफलता से यह खिलाड़ी अपने पीछे विरासत छोड़ जाते हैं। लंबी कूद के खेल में भारत के लिए ऐसे ही खिलाड़ी रहे थडायुविला चंदापिल्लई योहानन (टी.सी. योहानन)। एशियाई खेलों में देश को मेडल दिलाने की खातिर योहानन अपने दर्द को नजरअंदाज करके मैदान पर इंजेक्शन लेकर उतरे थे।
टी.सी. योहानन का जन्म केरल के कोल्लम जिले के एक छोटे से गांव में 19 मई 1947 को हुआ। योहानन को बचपन से ही कूदने में काफी रुचि थी। योहानन एक बार कूदकर नहर को पार करने में नाकाम रहे थे। इसके बाद उनके पिता ने नहर पार करने के लिए एक गिलास नींबू पानी का इनाम रखा था।
इनाम की चाह में योहानन नहर को पार करने में सफल रहे और लंबी कूद के खेल में उनके करियर की असल शुरुआत यहीं से हुई। हालांकि, योहानन इसे शुरुआत में करियर के तौर पर नहीं देखते थे। वह अपनी पढ़ाई में व्यस्त थे और उन्होंने भिलाई जाकर अपनी मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी।
हालांकि, नौकरी के दौरान बेंगलुरु में उन्होंने एक एथलेटिक्स इवेंट में गोल्ड मेडल जीता, जिसके बाद वह चर्चा में आ गए। इसके बाद योहानन ने लंबी कूद में करियर बनाने की ठान ली। दिन-रात मेहनत और खूब प्रैक्टिस के दम पर वह इस खेल में निखरते चले गए। 1974 योहानन के करियर का सबसे खास साल रहा। उन्होंने एशियाई खेलों में रिकॉर्ड प्रदर्शन करते हुए भारत को गोल्ड मेडल दिलाया।
तेहरान में हुए एशियाई खेलों में योहानन ने 8.07 मीटर की छलांग के साथ एशियाई रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड जीता। उनका यह रिकॉर्ड 30 साल तक कायम रहा। एशियाई खेलों के दौरान योहानन के पैर के अंगूठे की हड्डी में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह दर्द से छटपटा रहे थे। हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने इंजेक्शन लेकर मैदान पर उतरने का फैसला किया।
योहानन ने 1976 में हुए ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधत्व किया। हालांकि, 1978 में चोट के कारण उन्हें खुद को इस खेल से अलग करना पड़ा। योहानन को उनके शानदार प्रदर्शन और इस खेल में योगदान के लिए भारत सरकार ने 1974 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 3:53 PM IST












