दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू के द्वादशकर्म में पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, भावुक होकर बोले- उनका जाना अपूरणीय क्षति

दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू के द्वादशकर्म में पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, भावुक होकर बोले- उनका जाना अपूरणीय क्षति
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे और दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। हरसिंहरायडीह स्थित उत्सव उपवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने सुदिव्य सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि अर्पित करते समय मुख्यमंत्री भावुक नजर आए।

गिरिडीह, 17 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे और दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। हरसिंहरायडीह स्थित उत्सव उपवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने सुदिव्य सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि अर्पित करते समय मुख्यमंत्री भावुक नजर आए।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड मुक्ति मोर्चा और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत नेता को अपना सहयोगी ही नहीं, बल्कि बड़े भाई और मार्गदर्शक के समान बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अधिकारों और ‘झारखंडियत’ की लड़ाई में सुदिव्य सोनू का योगदान और समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। कार्यक्रम में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी नेता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए।

कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। कल्पना सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन झामुमो परिवार और उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी गहरी क्षति है। उन्होंने कहा कि ‘सोनू भैया’ का स्नेह, अपनापन और साथ हमेशा उनकी स्मृतियों में जीवित रहेगा। उन्होंने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति और उनके परिवार को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि देने वालों में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, दीपक बिरुआ, इरफान अंसारी और हफीजुल हसन समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल रहे। सभी ने सुदिव्य सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए थे। कार्यक्रम स्थल पर व्यापक व्यवस्था की गई थी। झामुमो के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का छह सितंबर को आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद राज्य में शोक की लहर दौड़ गई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Sept 2026 4:53 PM IST

Tags

Next Story