दिवाली पर रविवार को भी खुलेगा बाजार, एनएसई-बीएसई में 1 घंटे के विशेष सत्र में होगी मुहूर्त ट्रेडिंग, जानें पूरा शेड्यूल

दिवाली पर रविवार को भी खुलेगा बाजार, एनएसई-बीएसई में 1 घंटे के विशेष सत्र में होगी मुहूर्त ट्रेडिंग, जानें पूरा शेड्यूल
दिवाली के अवसर पर आज भारतीय शेयर बाजार में पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में रविवार को भी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर एक घंटे के एक विशेष सत्र में कारोबारी होगा।

मुंबई, 8 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के अवसर पर आज भारतीय शेयर बाजार में पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में रविवार को भी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर एक घंटे के एक विशेष सत्र में कारोबारी होगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगी। हालांकि 8 नवंबर नियमित रूप से साप्ताहिक अवकाश का दिन है, लेकिन दिवाली लक्ष्मी पूजन के अवसर पर विशेष ट्रेडिंग सत्र आयोजित करने की परंपरा को जारी रखा जाएगा।

बता दें कि शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग को बेहद शुभ माना जाता है। यह केवल एक विशेष कारोबारी सत्र नहीं, बल्कि हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक भी है। इसी कारण बड़ी संख्या में निवेशक इस दौरान सांकेतिक तौर पर शेयर खरीदते हैं और नए निवेश की शुरुआत करते हैं। मान्यता है कि लक्ष्मी पूजन के दिन किया गया निवेश आने वाले वर्ष में समृद्धि और शुभ फल प्रदान करता है।

एक्सचेंजों द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, प्री-ओपनिंग सत्र दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक चलेगा। ब्लॉक डील विंडो 1:50 बजे से 2:05 बजे तक खुली रहेगी। नियमित मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगा। इसके बाद क्लोजिंग सेशन और पोस्ट-क्लोजिंग सेशन निर्धारित समयानुसार संचालित किए जाएंगे।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग का महत्व केवल धार्मिक और पारंपरिक नहीं है, बल्कि यह निवेशकों के मनोबल और बाजार की सकारात्मक भावना से भी जुड़ा हुआ है। कई दीर्घकालिक निवेशक इस दौरान अपने पोर्टफोलियो में नए शेयर जोड़ते हैं, जबकि कुछ निवेशक केवल शुभ शुरुआत के लिए सांकेतिक खरीदारी करते हैं।

नवंबर 2026 में मुहूर्त ट्रेडिंग के अलावा शेयर बाजार कई अन्य अवसरों पर भी बंद रहेगा। दिवाली-बलिप्रतिपदा के अवसर पर 10 नवंबर को बाजार में अवकाश रहेगा। इसके अलावा 24 नवंबर को गुरु नानक देव प्रकाश पर्व के चलते भी बाजार बंद रहेगा। नियमित शनिवार और रविवार के अवकाश अलग रहेंगे।

विशेषज्ञों का कहना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग में निवेश का निर्णय केवल शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि कंपनी के मूलभूत प्रदर्शन, दीर्घकालिक संभावनाओं और निवेश लक्ष्य के आधार पर किया जाना चाहिए। हालांकि भारतीय शेयर बाजार में यह परंपरा दशकों पुरानी है और निवेशकों के बीच आज भी उतनी ही लोकप्रिय बनी हुई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story