'दोहरे मानदंड से विश्वसनीयता घट रही', दिल्ली में प्रदर्शन पर ओएचसीएचआर की 'चिंता' पर भारत का पलटवार
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय (ओएचसीएचआर) की टिप्पणियों को खारिज करते हुए रविवार को एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली प्रदर्शन को लेकर संस्था का रवैया दोहरे मानदंड को दर्शाता है।
उन्होंने आधिकारिक हैंडल से ये वीडियो पोस्ट किया। जायसवाल ने कहा, "हमने कल नई दिल्ली में हुई घटनाओं के बारे में मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय की कुछ टिप्पणियां देखी हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां शांतिपूर्ण सभा के अधिकार की गारंटी संविधान देता है और इसकी रक्षा मजबूत संस्थाओं, स्वतंत्र न्यायपालिका और स्वतंत्र मीडिया द्वारा की जाती है।"
एमईए प्रवक्ता ने लोकतांत्रिक देश की कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए आगे कहा, "हर लोकतांत्रिक देश की तरह, भारत में भी नागरिक इस अधिकार का प्रयोग सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखते हुए करते हैं। कानून प्रवर्तन एजेंसियां सख्ती से कानून के अनुसार काम करती हैं और शिकायतों के निवारण के लिए हमारी अदालतें सभी के लिए उपलब्ध हैं, इसलिए ओचएचसीएचआर की चिंताएं अनुचित हैं और भारत के आंतरिक मामलों में अस्वीकार्य हस्तक्षेप हैं। हम यह भी नोट करते हैं कि ओचएचसीएचआर का कुछ मामलों में बेहद चुनिंदा रवैया है।"
पाकिस्तान का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा, "हमारे पड़ोस में प्रदर्शनों पर हिंसक प्रतिक्रियाओं पर वह चुप रहा है, जैसे कि अपने आसपास की पुलिसिया कार्रवाइयों पर भी। इस तरह के दोहरे मानदंड केवल उसकी विश्वसनीयता को कम करते हैं और बहुपक्षवाद में विश्वास की कमी में योगदान करते हैं।"
बता दें कि शनिवार को नई दिल्ली में शनिवार को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने नई दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने पर चिंता जताई थी, जिस पर तुरंत भारत ने एक्स पोस्ट पर अपना जवाब पोस्ट किया था और इसे देश के आंतरिक मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप बताया था। रविवार सुबह भी एमईए ने बयान जारी कर आपत्ति दर्ज कराई थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 4:28 PM IST












