सियासी घमासान: भाजपा में बगावत पर नितीन गडकरी का बड़ा बयान - हर किसी को पद नहीं मिलता, अधिकृत प्रत्याशी के लिए करें काम

भाजपा में बगावत पर नितीन गडकरी का बड़ा बयान - हर किसी को पद नहीं मिलता, अधिकृत प्रत्याशी के लिए करें काम
  • गडकरी बोले- हर किसी को महत्वपूर्ण पद नहीं मिलता
  • अनिल सोले की बगावत से बढ़ी भाजपा की मुश्किल
  • सुधाकर कोहले बोले- महायुति की ताकत मेरे साथ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधान परिषद की नागपुर स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर भाजपा में सियासी घमासान तेज हो गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. अनिल सोले ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी सुधाकर कोहले के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरकर बगावत कर दी है। इस घटनाक्रम के बीच केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए अधिकृत प्रत्याशी की जीत के लिए काम करने की अपील की है।

गडकरी बोले- हर किसी को महत्वपूर्ण पद नहीं मिलता

अपने आवास पर गडकरी ने शनिवार रात पूर्व पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में भाजपा के शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, विधायक प्रवीण दटके, प्रो. गिरीश देशमुख, पूर्व महापौर अर्चना डेहनकर और अन्य नेता मौजूद थे। गडकरी ने कहा कि भाजपा में पार्टी की विचारधारा के अनुसार निस्वार्थ भाव से काम करने वाले कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है। राजनीतिक जीवन में कुछ लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का अवसर मिलता है, जबकि कुछ को ऐसा मौका नहीं मिल पाता। ऐसे में हर कार्यकर्ता को संतुष्ट मन से पार्टी के लिए काम करते रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी तरह का भ्रम न पालने और भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुटने का आह्वान किया।

अनिल सोले की बगावत से बढ़ी भाजपा की मुश्किल

उधर भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी प्रो.अनिल सोले चुनाव मैदान में डंटे हुए हैं। सोले ने पार्टी की निर्णय प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। उनके मुताबिक, पार्टी में फैसले नीचे से ऊपर की ओर होने चाहिए, न कि ऊपर से थोपे जाने चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लंबे समय तक पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

सोले ने शुक्रवार को पूर्व विधायक गिरीश व्यास के कार्यालय में चुनाव प्रचार के लिए संपर्क कार्यालय भी शुरू किया। इस दौरान भाजपा से जुड़े कई पूर्व जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उनके साथ दिखाई दिए। इससे उनकी उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

सुधाकर कोहले बोले- महायुति की ताकत मेरे साथ

भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार सुधाकर कोहले ने सोले के समर्थन में खड़े नेताओं को लेकर कोई विशेष टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रो. अनिल सोले उनके गुरु हैं, लेकिन उन्हें किसका समर्थन प्राप्त है, इस पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया है।

कोहले ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महायुति एकजुट होकर काम कर रही है और गठबंधन की ताकत उनके साथ है। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव में किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आती और महायुति मिलकर चुनाव लड़ेगी।

Created On :   11 Oct 2026 4:34 PM IST

Tags

Next Story