- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- तनावग्रस्त स्थिति को समझना बेहतर...
Nagpur News: तनावग्रस्त स्थिति को समझना बेहतर मानसिक स्वास्थ्य की कुंजी

Nagpur News मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल शारीरिक स्वास्थ्य जितनी ही जरूरी है। तनाव को नजरअंदाज करने के बजाय उसके कारणों को समझना और समय पर विशेषज्ञ की सलाह लेना आवश्यक है। ऐसा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ईएसआईएस अस्पताल सोमवारीपेठ में विशेषज्ञों ने कहा। शनिवार को अस्पताल में मरीजों, डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के लिए विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवासंकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में मनोचिकित्सक डॉ. प्रणव पोहाणे ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव के प्रभावों और तनाव प्रबंधन के उपायों की जानकारी दी।
मरीजों को बताया तनाव से निपटने का तरीका
कार्यक्रम में मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव के कारणों तथा उसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में बताया गया। डॉ. पोहाणे ने तनाव को नियंत्रित करने के प्रभावी उपायों की जानकारी देते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. हर्षवर्धन कांबले ने प्रस्तावना रखी। आरएमओ डॉ. किशोर गिरी ने तनाव के प्रमुख कारणों और उसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। डीसी इंचार्ज डॉ. स्वप्निल वाठोरे ने अस्पताल के मनोचिकित्सा बाह्य रोगी विभाग (साइकियाट्री ओपीडी) में उपलब्ध सेवाओं तथा उनसे लाभान्वित होने वाले मरीजों की जानकारी दी।
डॉक्टरों-कर्मचारियों ने सीखे तनाव प्रबंधन के उपाय
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए तनाव प्रबंधन सत्र आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यस्थल पर तनाव उत्पन्न होने के कारणों, मानसिक स्वास्थ्य पर उसके प्रभावों और तनाव से निपटने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए मानसिक संतुलन बनाए रखना अतिआवश्यक है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकें।
मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वैशाली व्यवहारे के निर्देशानुसार सेवासंकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, तनाव प्रबंधन के उपाय बताना और जरूरत पड़ने पर मनोचिकित्सक की सलाह लेने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. फैजान जौवाद खान ने किया।
यह भी पढ़े -नागपुर में सोले की बगावत या भाजपा की स्मार्ट चाल? निर्दलीय उम्मीदवारी से बदला स्नातक सीट का चुनावी गणित
Created On :   10 Oct 2026 7:47 PM IST












