साइबर अपराध को जाना: साइबर अपराधों की जांच प्रक्रिया से रूबरू हुए विधि विद्यार्थी, पुलिस थाने में शैक्षणिक दौरा

साइबर अपराधों की जांच प्रक्रिया से रूबरू हुए विधि विद्यार्थी, पुलिस थाने में शैक्षणिक दौरा
  • डॉ. आंबेडकर स्कूल ऑफ लॉ का साइबर पुलिस थाने में शैक्षणिक दौरा
  • जांच प्रक्रिया और उससे जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में बताया

डिजिटल डेस्क, नागपुर. साइबर अपराधों की जांच कैसे होती है और शिकायत मिलने के बाद पुलिस किस प्रक्रिया से आगे बढ़ती है, इसकी जानकारी विधि विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त की। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्कूल ऑफ लॉ के एलएलबी तृतीय सत्र और एलएलएम तृतीय सत्र (आपराधिक कानून) के विद्यार्थियों ने 9 अक्टूबर को नागपुर साइबर पुलिस थाने का शैक्षणिक दौरा किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर पुलिस थाने के विभिन्न विभागों, उनके कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। पुलिस उपनिरीक्षक विवेकानंद औटी ने साइबर अपराधों की शिकायतों के प्रबंधन, जांच प्रक्रिया और उससे जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में बताया। इंटर्न जॉन ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों और पुलिस दलों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया। महिला हवलदार श्रद्धा धोमणे सहित पुलिस थाने के कर्मचारियों ने सहयोग किया।

प्रा. रश्मि चंदावर और डॉ. शिखा गुप्ता ने दौरे का समन्वय किया। डॉ. अर्चना प्रांजले और डॉ. किरण तिवारी भी विद्यार्थियों के साथ थीं। स्कूल के संचालक डॉ. रविशंकर मोर ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक दौरों से विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़े साइबर और आपराधिक कानून के सिद्धांतों को वास्तविक जांच प्रक्रिया से जोड़कर समझने का अवसर मिलता है।

Created On :   9 Oct 2026 8:53 PM IST

Tags

Next Story