कार्रवाई: महानगरपालिका ने 15 घरों पर चलाया बुलडोजर, घरमालिक की तबीयत बिगड़ने पर एक मकान छोड़ा

महानगरपालिका ने 15 घरों पर चलाया बुलडोजर, घरमालिक की तबीयत बिगड़ने पर एक मकान छोड़ा
  • सिम्बोसिस कॉलेज परिसर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
  • स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के लिए आवंटित जमीन कराई अतिक्रमणमुक्त
  • नोटिस नहीं मिलने का आरोप लगाकर नागरिकों ने किया विरोध

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका के अतिक्रमण निर्मूलन विभाग और नेहरूनगर जोन कार्यालय की संयुक्त टीम ने गुरुवार को सिम्बोसिस कॉलेज परिसर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। मौजा दिघोरी स्थित खसरा क्रमांक 60 पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के लिए आवंटित जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए 3 जेसीबी की मदद से 15 पक्के मकानों को जमींदोज किया गया। कार्रवाई के दौरान नागरिकों ने विरोध किया। इसी बीच एक मकान मालिक के पति की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एम्बुलेंस से निजी अस्पताल भेजा गया। इसके चलते संबंधित मकान पर कार्रवाई रोक दी गई।

महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार, नेहरूनगर जोन अंतर्गत मौजा दिघोरी के खसरा क्रमांक 60 में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के लिए जमीन आवंटित की गई है। जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए मनपा की ओर से कार्रवाई शुरू की गई। परिसर में 16 पक्के मकानों को हटाने के लिए नेहरूनगर जोन कार्यालय की ओर से नोटिस जारी किए गए थे। तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गुरुवार को कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच कार्रवाई की गई।

नागरिकों ने जताया विरोध

अतिक्रमण हटाने के लिए मनपा का दस्ता और 3 जेसीबी मौके पर पहुंचते ही नागरिकों ने विरोध शुरू कर दिया। नागरिकों का आरोप था कि उन्हें घर खाली करने के लिए नेहरूनगर जोन कार्यालय की ओर से कोई नोटिस अथवा पूर्व सूचना नहीं दी गई। इस पर जोन के सहायक आयुक्त अनुज कोपुलवार और अभियंता ने नागरिकों को मनपा की ओर से जारी नोटिस दिखाए। इसके बावजूद नागरिक कार्रवाई को लेकर संतुष्ट नहीं हुए और विरोध जारी रहा।

तबीयत बिगड़ने पर एक मकान छोड़ा

कार्रवाई के दौरान गुलशन खातून के पति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें एम्बुलेंस से निजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद कुछ समय के लिए कार्रवाई रोक दी गई। बाद में मनपा के अतिक्रमण निर्मूलन दस्ते ने गुलशन खातून के मकान को छोड़कर शेष 15 मकानों को तोड़ दिया।

Created On :   8 Oct 2026 7:24 PM IST

Tags

Next Story