सुरक्षा पर सवाल !: वाठोडा चौक पर अचानक बस से उठने लगा धुआं, बच्चों में मची अफरा-तफरी, आपातकालीन खिड़कियों से सुरक्षित निकाला

वाठोडा चौक पर अचानक बस से उठने लगा धुआं, बच्चों में मची अफरा-तफरी, आपातकालीन खिड़कियों से सुरक्षित निकाला
  • अग्निशमन विभाग को कोई सूचना नहीं- मनपा प्रशासन
  • फिल्टर ऑयल लीकेज से धुआं निकलने की प्राथमिक जानकारी, आरटीओ कर रहा जांच
  • वाठोडा चौक पर अचानक बस से उठने लगा धुआं, बच्चों में मची अफरा-तफरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वाठोडा चौक पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों से भरी एक स्कूल बस से अचानक काला धुआं निकलने लगा। बस में करीब 30 से 35 बच्चे सवार थे। धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों को बस में आग लगने की आशंका हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत बस को रुकवाया और आपातकालीन खिड़कियों से बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। गनीमत रही कि बस में आग नहीं लगी और सभी बच्चे सुरक्षित रहे।

फिल्टर ऑयल लीकेज से निकला धुआं

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। बस क्रमांक एमएच 31 एफसी 3689 वाठोडा से रेशीमबाग परिसर स्थित एक स्कूल की ओर जा रही थी। वाठोडा चौक पहुंचते ही बस के नीचे से अचानक काला धुआं उठने लगा। चालक ने तत्काल बस रोककर इंजन बंद कर दिया, जिसके बाद धुआं पूरी तरह बंद हो गया। बताया जा रहा है कि फिल्टर ऑयल लीक होने के कारण धुआं निकला था।

दूसरी बस से बच्चों को भेजा स्कूल

घटना की जानकारी चालक ने बस मालिक वैभव सारवे को तुरंत दी। इसके बाद दूसरी बस मौके पर बुलवाई गई और सभी बच्चों को सुरक्षित स्कूल भेजा गया। घटना के दौरान किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।

फिटनेस के बावजूद घटना, आरटीओ करेगा जांच

शहर आरटीओ के एआरटीओ ए. काटकर ने बताया कि बस फिटनेस सर्टिफिकेट के साथ पूरी तरह फिट थी। इसके बावजूद ऐसी घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   8 Oct 2026 7:15 PM IST

Tags

Next Story