संयुक्त कार्रवाई: मनपा और एमपीसीबी का वर्धमान नगर के गोदाम पर छापा, पौने 13 लाख रुपए की प्लास्टिक बैग जब्त

मनपा और एमपीसीबी का वर्धमान नगर के गोदाम पर छापा, पौने 13 लाख रुपए की प्लास्टिक बैग जब्त
  • अलग-अलग कार्रवाई में 70 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला
  • 6,650 किलो प्लास्टिक बैग जब्त
  • गोदाम में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल की सूचना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका के उपद्रव शोध पथक (एनडीएस) और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (एमपीसीबी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वर्धमान नगर स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 12 लाख 86 हजार 500 रुपए कीमत की 6,650 किलो प्लास्टिक बैग और अन्य सामग्री जब्त की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनपा के उपद्रव शोध पथक को सूचना मिली थी कि वर्धमान नगर स्थित नंदू मानकर के बिग बास्केट टाटा इंटरप्राइजेस वेयरहाउस में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनडीएस प्रमुख वीरसेन तांबे और एमपीसीबी के तकनीकी सहायक वैभव राऊत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

इस दौरान पथक प्रमुख नत्थू खांडेकर, राजेंद्र मेश्राम, राणा प्रताप सिंह और विवेक बोबडे सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। टीम ने गोदाम से प्लास्टिक बैग जब्त की।

अन्य कार्रवाई में 70 हजार रुपए का जुर्माना

मनपा के उपद्रव शोध पथक ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 70 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला। प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने, सड़क पर निर्माण सामग्री रखने और मनपा के चेंबर को कचरे से बंद करने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।

लक्ष्मीनगर के आठ रास्ता चौक स्थित मंगेश दी ब्लिस और मानेवाड़ा स्थित कटियार इंफ्रा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक से 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

Created On :   7 Oct 2026 8:59 PM IST

Tags

Next Story