आईडी हैक: कंपनी मेल हैक कर साइबर अपराधी ने उड़ाए 34 लाख 50 हजार रुपए, मशीन खरीदी-बिक्री के दौरान हुई धोखाधड़ी

कंपनी मेल हैक कर साइबर अपराधी ने उड़ाए 34 लाख 50 हजार रुपए, मशीन खरीदी-बिक्री के दौरान हुई धोखाधड़ी
  • डिवाइस मशिन्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का खाता और ईमेल आईडी हैक किया
  • आईडी हैक कर कंपनी के ग्राहक को लाखों रुपये की चपत लगा दी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. किसी अज्ञात साइबर अपराधी ने डिवाइस मशिन्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का खाता और ईमेल आईडी हैक कर कंपनी के ग्राहक को लाखों रुपये की चपत लगा दी। मामला उजागर होने के बाद साइबर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में इरोज इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी स्थित है। कंपनी प्रबंधन अपनी आवश्यकतानुसार विक्रेताओं से मशीनरी की खरीदारी करता रहता है। इसी सिलसिले में कंपनी के विभाग प्रमुख अभय पांडे ने 3 अक्टूबर 2026 को डिवाइस फार्मिंग मशिन्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को रोल फार्मिंग मशीन का ऑर्डर दिया था, जिसकी कुल कीमत 1 करोड़ 15 लाख रुपये बताई गई थी।

नियमानुसार, ऑर्डर देते समय कुल राशि का 30 प्रतिशत एडवांस कंपनी के खाते में जमा करना पड़ता है। यह रकम बैंक ऑफ बड़ौदा स्थित खाते में जमा की जानी थी। हालांकि, 30 सितंबर 2026 को अभय को काम के दौरान डिवाइस फार्मिंग कंपनी के नाम से मिलते-जुलते एक फर्जी ईमेल आईडी से संदेश प्राप्त हुआ। इसमें उल्लेख था कि कंपनी का पुराना खाता बदल दिया गया है और अब राशि केनरा बैंक के नए खाते में जमा की जाए। इस झांसे में आकर 3 अक्टूबर 2026 को आरटीजीएस के माध्यम से 34 लाख 50 हजार रुपये उक्त नए खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। इसके बाद जब इरोज कंपनी के खरीदी अधिकारी धर्मराज कन्हेरे ने डिवाइस कंपनी के संचालक अंबरीश चव्हाण से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें कोई राशि प्राप्त नहीं हुई है और न ही खाता बदलने के संबंध में कोई बातचीत हुई थी।

जांच में खुलासा हुआ कि किसी अज्ञात ठग ने डिवाइस कंपनी का मेल हैक कर इस वारदातको अंजाम दिया है। धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

Created On :   7 Oct 2026 7:49 PM IST

Tags

Next Story