Nagpur News: कोर्ट केस वापस लेने का दबाव बनाने के लिए पत्नी की अश्लील तस्वीरें कीं वायरल, पति पर मामला दर्ज

कोर्ट केस वापस लेने का दबाव बनाने के लिए पत्नी की अश्लील तस्वीरें कीं वायरल, पति पर मामला दर्ज
  • पत्नी ने प्रताड़ना और छेड़छाड़ के लगाए आरोप
  • न्यायालय में विचाराधीन है पति के खिलाफ पुराना मामला
  • केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

Nagpur News पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। आरोप है कि न्यायालय में विचाराधीन केस वापस लेने का दबाव बनाने के लिए पति ने अपनी ही पत्नी की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इतना ही नहीं, उसने तस्वीरें पत्नी के भाई को भी भेज दीं। पीड़िता की शिकायत पर बजाज नगर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला की उम्र 33 वर्ष है, जबकि आरोपी पति 43 वर्ष का है। दोनों अलग-अलग स्थानों पर कार्यरत हैं। उनके बीच आए दिन घरेलू विवाद होते रहते थे। 25 मार्च 2025 को पति ने पत्नी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया था। पत्नी के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की कोशिश की थी। इस घटना को लेकर कोतवाली पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

पुराने विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के चलते दोनों पिछले करीब एक वर्ष से अलग रह रहे हैं। आरोप है कि इसके बावजूद पति शारीरिक संबंध बनाने के लिए पत्नी पर दबाव डालता था और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। वह लगातार पत्नी से न्यायालय में चल रहा केस वापस लेने की मांग कर रहा था। ऐसा नहीं करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।

बताया जाता है कि 7 और 8 तारीख के बीच आरोपी ने दोबारा शारीरिक संबंध बनाने के लिए पत्नी को परेशान किया। महिला ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसकी पुरानी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दीं। इसके अलावा तस्वीरें उसके भाई को भी भेज दीं, जिससे महिला की बदनामी हुई।

इस घटना से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर बजाज नगर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   9 Oct 2026 3:39 PM IST

Tags

Next Story