आयोजन: भव्य साइकिल रैली से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, सेवा संकल्प और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नागरिकों ने लिया हिस्सा

भव्य साइकिल रैली से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, सेवा संकल्प और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नागरिकों ने लिया हिस्सा
  • प्रमुख मार्गों से निकली रैली, ईंधन बचत और पौधारोपण के प्रति किया जागरूक
  • 8 वर्षीय विनय चौधरी से लेकर 85 वर्षीय श्रीपाद भुरडे तक ने बढ़ाया उत्साह
  • 8 से 85 वर्ष तक के साइकिल सवारों ने बढ़ाया उत्साह

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केंद्र और राज्य सरकार के सेवा संकल्प अभियान तथा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत महानगरपालिका की ओर से रविवार सुबह भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और बेहतर स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाने का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ मनपा मुख्यालय परिसर में क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पियुष आंबुलकर, टाइगर सिटी साइकिल एसोसिएशन के साइकिल सवार दिलीप वरकड और टाइगर ग्रुप ऑफ एडवेंचर के साइकिल सवार रवींद्र करारे ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मनपा के जनसंपर्क विभाग के अमोल तपासे, क्रीड़ा विभाग की उज्ज्वला चरडे, शुभम सुपारे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

रैली मनपा मुख्यालय के प्रवेशद्वार से शुरू होकर विधान भवन चौक, आकाशवाणी चौक, प्रधान डाकघर (जीपीओ) चौक, सी.पी. क्लब, हनुमान मंदिर, तेलंगखेड़ी और वीसीए चौक से होते हुए वापस मनपा मुख्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में शामिल साइकिल सवारों ने पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले संदेशों के फलक प्रदर्शित किए। शहर की स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों, नागरिकों, विभिन्न साइकिल संगठनों के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ साइकिल सवारों ने इसमें सहभागिता की।

8 से 85 वर्ष तक के साइकिल सवारों ने बढ़ाया उत्साह

रैली में सभी आयु वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया। इसमें 8 वर्षीय विनय चौधरी और 85 वर्षीय वरिष्ठ साइकिल सवार श्रीपाद भुरडे विशेष आकर्षण रहे। दोनों ने अपनी सहभागिता से अन्य साइकिल सवारों का उत्साह बढ़ाया। रैली के माध्यम से नागरिकों को साइकिल चलाने, ईंधन की बचत करने, पौधारोपण को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की गई।

Created On :   11 Oct 2026 5:02 PM IST

Tags

Next Story