दलीप ट्रॉफी फाइनल 'तिहरा शतक' चूके कप्तान ईशान, ईस्ट जोन ने पहली पारी में बनाए 708 रन
चेन्नई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ जोन के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मैच में कप्तान ईशान किशन ने 270 रनों की पारी खेली, जिसके दम पर ईस्ट जोन का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है। दूसरे दिन की समाप्ति तक टीम 708 के स्कोर पर सिमट गई। इस पारी में ईस्ट जोन ने कुल 163 ओवरों का सामना किया।
रविवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 88 गेंदों में 100 रन की साझेदारी की। वैभव 37 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 44 रन बनाकर बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ईश्वरन ने शिखर मोहन के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रन जुटाए। ईश्वरन 86 गेंदों में 11 बाउंड्री के साथ 72 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद टीम ने 147 के स्कोर पर सुदीप कुमार (6) के रूप में तीसरा विकेट भी गंवा दिया।
यहां से कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शिखर मोहन के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की। शिखर 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 85 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ईशान ने कुमार कुशाग्र के साथ पांचवें विकेट के लिए 230 रन की साझेदारी की।
कुमार कुशाग्र 132 गेंदों में 5 छक्कों और 8 चौकों के साथ 101 रन बनाकर आउट हुए। टीम ने 471 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट गंवाया, जिसके बाद ईशान ने अनुकूल रॉय के साथ 140 रन जुटाकर टीम को 600 के पार पहुंचा दिया।
ईशान 250 रन की पारी खेलकर रिटायर्ड हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौटे। उन्होंने 301 गेंदों में 27 चौके और 7 छक्के लगाए थे। इसके बाद मोहम्मद शमी (28) ने कुनैन कुरैशी (40) के साथ 54 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 650 के पार पहुंचाया। टीम को 680 के स्कोर पर सातवां झटका लगा, जिसके बाद कप्तान ईशान एक बार फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरे।
टीम ने कप्तान के रूप में अपना नौवां विकेट गंवाया, जिन्होंने 334 गेंदों में 7 छक्कों और 30 चौकों के साथ 270 रन की पारी खेली। त्रिपुरण विजय ने पारी के 163वें ओवर में ईशान किशन के साथ मुकेश कुमार (0) का विकेट भी चटकाया।
साउथ जोन के लिए त्रिपुरण विजय ने कुल 42 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 180 रन देकर 4 विकेट निकाले। इनके अलावा, चामा मिलिंद और श्रेयस गोपाल ने 2-2 विकेट हासिल किए। शेख रशीद को 1 सफलता हाथ लगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Sept 2026 5:47 PM IST












