दलीप ट्रॉफी रोमांचक हुआ क्वार्टर फाइनल-2, वेस्ट जोन के 3 विकेट शेष, जीत के लिए 67 रन की दरकार

दलीप ट्रॉफी रोमांचक हुआ क्वार्टर फाइनल-2, वेस्ट जोन के 3 विकेट शेष, जीत के लिए 67 रन की दरकार
वेस्ट जोन बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले जा रहे क्वार्टर फाइनल-2 में नॉर्थ जोन के खिलाफ जीत से 67 रन दूर है, लेकिन उसके पास सिर्फ 3 विकेट शेष हैं।

बेंगलुरु, 25 अगस्त (आईएएनएस)। वेस्ट जोन बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले जा रहे क्वार्टर फाइनल-2 में नॉर्थ जोन के खिलाफ जीत से 67 रन दूर है, लेकिन उसके पास सिर्फ 3 विकेट शेष हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ जोन पहली पारी में 251 रन पर सिमट गई। टीम ने 45 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद आयुष बडोनी ने आयुष दोसेजा के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की। दोसेजा 42 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बडोनी ने 51 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

आबिद मुश्ताक ने अंशुल कंबोज के साथ आठवें विकेट के लिए 48 रन जोड़कर टीम को दोहरे शतक के पार पहुंचाया। अंशुल कंबोज ने 52 गेंदों में सर्वाधिक 60 रन बनाए। उनकी इस पारी में 5 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे। विपक्षी खेमे से तनुष कोटियन और तुषार देशपांडे ने 4-4 विकेट निकाले।

इसके जवाब में वेस्ट जोन पहली पारी में सिर्फ 187 रन पर सिमट गई। इस पारी में शम्स मुलानी ने सर्वाधिक 52 रन बनाए, जबकि मुशीर खान ने 31 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से आबिद मुश्ताक ने 39 रन देकर 5 विकेट निकाले। अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट चटकाए।

नॉर्थ जोन के पास पहली पारी के आधार पर 76 रन की बढ़त थी। इस टीम ने दूसरी पारी में 222 रन बनाकर विपक्षी खेमे के सामने जीत के लिए 299 रन का टारगेट रखा। इस पारी में आयुष बडोनी ने 6 चौकों के साथ 50 रन जुटाए, जबकि निशांत संधु ने 44 रन जोड़े। विपक्षी खेमे से शम्स मुलानी और तनुष कोटियान ने 4-4 विकेट निकाले।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 7 विकेट खोकर 220 रन बना लिए हैं। इस टीम ने 28 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद मुशीर खान ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शिवालिक शर्मा के साथ 56 रन, जबकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 111 रन जोड़कर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।

मुशीर खान 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 96 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गायकवाड़ ने 66 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इस पारी में अब तक आबिद मुश्ताक 2 विकेट निकाल चुके हैं, जबकि अर्शदीप सिंह, अंशुल कंबोज, निशांत संधु और सुनील कुमार ने 1-1 विकेट अपने नाम किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Aug 2026 6:53 PM IST

Tags

Next Story