- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पवई
- /
- वृक्ष को राखी बांधकर बच्चों ने...
पवई न्यूज: वृक्ष को राखी बांधकर बच्चों ने मनाया ‘वृक्षाबंधन’

डिजिटल डेस्क पवई। रक्षाबंधन पर्व के पूर्व शासकीय माध्यमिक शाला नारायणपुरा में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देखने को मिला। यहां विद्यार्थियों ने एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधने के बजाय विद्यालय परिसर में लगे पेड़-पौधों को राखी बांधकर ‘वृक्षाबंधन’ मनाया। बच्चों ने वृक्षों की आजीवन रक्षा करने का संकल्प भी लिया।
शिक्षक सतानंद पाठक के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने नीम, पीपल, आम सहित अन्य वृक्षों को राखी बांधी। इस दौरान प्रधानाध्यापक माया खरे ने कहा कि वृक्ष हैं तो जीवन है, इसलिए इनकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश वाले नारे भी लगाए। “ वृक्ष को बांधो राखी, वृक्ष बचाओ-जीवन बचाओ” के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत पांच नए पौधे लगाए गए। साथ ही पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर शिक्षिका अंकिता जैन, शिक्षक विवेक सिंह, अतिथि शिक्षक आसिफ खान, सहित छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
Created On :   25 Aug 2026 6:37 PM IST












