एम्बोलो को रेड कार्ड दिए जाने पर स्विट्जरलैंड के कोच यानिक ने जताई नाराजगी, बोले- समझ से परे फैसला

एम्बोलो को रेड कार्ड दिए जाने पर स्विट्जरलैंड के कोच यानिक ने जताई नाराजगी, बोले- समझ से परे फैसला
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्विट्जरलैंड का शानदार सफर खत्म हो गया। क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। मैच के बाद स्विट्जरलैंड के कोच मुरात याकिन ने टीम के स्टार खिलाड़ी ब्रील एम्बोलो को मिले येलो कार्ड के फैसले पर नाराजगी जताई और इसे अस्वीकार्य बताया।

कैनसस सिटी, 12 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्विट्जरलैंड का शानदार सफर खत्म हो गया। क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। मैच के बाद स्विट्जरलैंड के कोच मुरात याकिन ने टीम के स्टार खिलाड़ी ब्रील एम्बोलो को मिले येलो कार्ड के फैसले पर नाराजगी जताई और इसे अस्वीकार्य बताया।

यह घटना मैच के दौरान उस समय हुई जब अर्जेंटीना के खिलाड़ी लिएंड्रो परेडेस और एम्बोलो के बीच टक्कर हुई। शुरुआत में रेफरी ने परेडेस को येलो कार्ड दिखाया, क्योंकि ऐसा लग रहा था कि उन्होंने एम्बोलो को गिराया है। हालांकि, इसके बाद परेडेस ने वीएआर की मांग की, जिसमें एम्बोलो जानबूझकर नीचे गिरते हुए दिखाई दिए। इसके बाद रेफरी ने अपना फैसला बदलते हुए परेडेस से येलो कार्ड लेकर एम्बोलो को थमा दिया। एम्बोलो को पहले हाफ में ही एक और येलो कार्ड मिल चुका था, इसलिए दूसरा येलो कार्ड मिलने के कारण उन्हें रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया।

मैदान छोड़ते समय एम्बोलो काफी भावुक नजर आए और उनकी आंखों में आंसू थे। उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें संभाला और हिम्मत दी। स्विट्जरलैंड के कोच मुरात याकिन ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी टीम को एक गलती की सजा मिली। याकिन ने कहा, "हमें एक गलती की सजा मिली। एम्बोलो की बुकिंग की कोई वजह नहीं थी। मुझे यह समझ नहीं आया। यह एक सामान्य स्थिति थी; इसमें कुछ भी गलत इरादे से नहीं किया गया था। वह फैसला बिल्कुल अविश्वसनीय था। मैं उनसे पूरी तरह असहमत हूं। साफतौर पर संपर्क हुआ था, और मुझे समझ नहीं आता कि रेफरी और वीएआर इस नतीजे पर कैसे पहुंचे।"

हालांकि, याकिन ने अर्जेंटीना की जीत को स्वीकार किया और टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुकाबला निष्पक्ष था और दोनों टीमों ने अच्छा फुटबॉल खेला, लेकिन एम्बोलो का बाहर जाना मैच का अहम मोड़ साबित हुआ। एम्बोलो के बाहर होने के बाद अर्जेंटीना स्विट्जरलैंड के डिफेंस पर दबाव बनाने में सफल रहा। अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना के लिए दूसरा गोल अल्वारेज ने किया। इसके बाद अतिरिक्त समय के इंजरी टाइम में लौटारो मार्टिनेज ने अर्जेंटीना के लिए मैच का तीसरा गोल करते हुए जीत पर मुहर लगा दी। सेमीफाइनल में अर्जेंटीना का सामना इंग्लैंड से 15 जुलाई को होना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 July 2026 1:45 PM IST

Tags

Next Story