बिहार पटना में शराब के नशे में मिला पुलिसकर्मी, मेडिकल जांच में पुष्टि के बाद केस दर्ज
पटना, 12 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद राजधानी पटना में एक पुलिसकर्मी के शराब के नशे में पाए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक पुलिसकर्मी का कथित तौर पर नशे की हालत में घूमने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मेडिकल जांच कराई। जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक इलाके का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित जवान की पहचान विनोद राम के रूप में की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने रविवार को बताया कि 11 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद रामकृष्णानगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। संबंधित पुलिसकर्मी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि विनोद राम की ड्यूटी खेमनीचक टीओपी में लगी थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिसके बाद डायल-112 की टीम उन्हें लेकर थाने पहुंची। वहां से मेडिकल जांच कराई गई और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बता दें कि बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। राज्य सरकार और पुलिस विभाग समय-समय पर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के खिलाफ विशेष अभियान चलाते रहे हैं। ऐसे में पुलिस विभाग के ही एक कर्मचारी का शराब सेवन करते हुए पकड़ा जाना विभाग के लिए गंभीर मामला माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी कानून के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2026 3:26 PM IST












