राम मंदिर चढ़ावा विवाद मामले में दोषियों को सजा दिलाने के लिए 'आप' का हस्ताक्षर अभियान
नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया। मनीष सिसोदिया ने 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "आज दिल्ली में पवित्र सुंदरकांड का पाठ किया और हनुमान जी महाराज से प्रार्थना की कि जिन पापियों ने राम मंदिर में डाका डाला और करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया, उन्हें कठोर से कठोर सज़ा मिले ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा महापाप दोबारा करने का साहस न कर सके।"
उन्होंने हनुमान चालीसा की चौपाई "भीम रूप धरि असुर संहारे। रामचंद्र के काज संवारे॥" शेयर करते हुए आगे लिखा, "मोदी जी, आप स्वयं को प्रभु श्रीराम का भक्त बताते हैं। अगर आपकी आस्था सच्ची है, तो सच सामने लाइए। दोषियों को बचाइए मत, उन्हें सजा दिलाइए। इसी संकल्प के साथ आज पूरे देश में हमारा हस्ताक्षर अभियान शुरू हो रहा है। उम्मीद है कि सत्य सामने आएगा, जवाबदेही तय होगी और न्याय मिलेगा।"
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "राम मंदिर में चोरी की गई है। जो लोग वहां चढ़ावा चढ़ाकर आते थे, वो सब चोरी कर लिया गया है लेकिन चोरों को बचाने की कोशिश की जा रही है।" उन्होंने कहा कि जमीनों के घोटाले की जांच ही नहीं चल रही है। एक फर्जी एसआईटी बनाई गई और फर्जी एफआईआर लिखी गई। ऐसे में आज सुंदरकांड का पाठ किया गया। सभी राम भक्तों ने शपथ ली है कि जब तक इन चोरों को सख्त से सख्त सजा नहीं दे देंगे, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज तो केवल दिल्ली में सुंदरकांड का पाठ किया गया है। आज से हम एक हस्ताक्षर अभियान शुरू कर रहे हैं। अब देशभर में राम भक्त मोहल्लों, सोसाइटी और गांवों में लोगों को इकट्ठा कर वहां पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। हमें उम्मीद है कि इससे चंदा चोरों को सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि किसने वोटों के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि मैं किसी पार्टी के पास नहीं जाऊंगा बल्कि देशभर के राम भक्तों के पास जाऊंगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2026 4:27 PM IST












