RTI खुलासा: उपराजधानी में मेडिकल बायोवेस्ट का 100% निस्तारण का दावा, हर महीने 155-156 मीट्रिक टन जैव-चिकित्सा कचरे का होता है प्रबंधन

उपराजधानी में मेडिकल बायोवेस्ट का 100% निस्तारण का दावा, हर महीने 155-156 मीट्रिक टन जैव-चिकित्सा कचरे का होता है प्रबंधन
  • सूचना के अधिकार में मनपा का खुलासा
  • जैव-चिकित्सा (मेडिकल बायोवेस्ट) कचरे के सुरक्षित निस्तारण को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं
  • शहर में उत्पन्न होने वाले 100 प्रतिशत मेडिकल बायोवेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जा रहा है

Nagpur News. शहर के अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं से निकलने वाले जैव-चिकित्सा (मेडिकल बायोवेस्ट) कचरे के सुरक्षित निस्तारण को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। इसी बीच सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिली जानकारी में नागपुर महानगरपालिका ने दावा किया है कि शहर में उत्पन्न होने वाले 100 प्रतिशत मेडिकल बायोवेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जा रहा है।

मनपा के घनकचरा व्यवस्थापन विभाग द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता अभय कोलारकर को उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, शहर में हर महीने करीब 155 से 156 मीट्रिक टन मेडिकल बायोवेस्ट उत्पन्न होता है। इसके संकलन, परिवहन और निस्तारण की जिम्मेदारी सुपर्ब हाइजेनिक डिस्पोजल्स कंपनी को सौंपी गई है।


आरटीआई में दी गई जानकारी के मुताबिक, कंपनी भांडेवाड़ी स्थित बायोमेडिकल कचरा प्रसंस्करण केंद्र में मेडिकल बायोवेस्ट का निस्तारण करती है। यह पूरी प्रक्रिया महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) के निर्धारित मानकों तथा बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के अनुरूप संचालित की जाती है।

मनपा को मिलती है 41.63 लाख रुपये की रॉयल्टी

घनकचरा व्यवस्थापन विभाग के अनुसार, मेडिकल बायोवेस्ट के संकलन, परिवहन और निस्तारण के बदले सुपर्ब हाइजेनिक डिस्पोजल्स कंपनी से महानगरपालिका को प्रतिवर्ष लगभग 41.63 लाख रुपये रॉयल्टी प्राप्त होती है।

मनपा का दावा है कि शहर में उत्पन्न होने वाले संपूर्ण मेडिकल बायोवेस्ट का वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण किया जा रहा है, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।

1 जनवरी 2023 से 31 मई 2026 तक मेडिकल बायोवेस्ट फेकने पर कार्रवाई

जोन

मामले

दंड

लक्ष्मीनगर

08

02 लाख 95 हजार रुपए

धरमपेठ

51

09 लाख 65 हजार रुपए

हनुमाननगर

17

02 लाख 59 हजार रुपए

धंतोली

08

01 लाख 40 हजार रुपए

नेहरूनगर

12

01 लाख 45 हजार रुपए

गांधीबाग

12

01 लाख 40 हजार रुपए

सतरंजीपुरा

01

15 हजार रुपए

लकड़गंज

25

03 लाख रुपए

आसीनगर

05

65 हजार रुपए

मंगलवारी

16

02 लाख 45 हजार रुपए

कुल

155

25 लाख 69 हजार रुपए


Created On :   12 July 2026 4:27 PM IST

Tags

Next Story