- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- लॉगिन पर्सनल मीटिंग ऐप से चल रहा था...
Nagpur News: लॉगिन पर्सनल मीटिंग ऐप से चल रहा था सेक्स रैकेट, क्राइम ब्रांच ने किया भंडाफोड़

Nagpur News नागपुर क्राइम ब्रांच के सामाजिक सुरक्षा विभाग ने अंबाझरी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 'Login Personal Meeting' मोबाइल ऐप के जरिए संचालित किए जा रहे अंतरराज्यीय और विदेशी महिलाओं के देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उज्बेकिस्तान की दो युवतियों सहित कुल पांच पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन आरोपी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन माणिकराव महाजन (38), भवानीनगर, पूनापुर रोड, कलमना निवासी के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में समीर उर्फ मनीष उर्फ गगन ठाकुर, राहुल और पूजा शामिल हैं। सभी के खिलाफ अंबाझरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2)(3) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ऐप के जरिए ग्राहकों से होता था संपर्क : पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी 'Login Personal Meeting' ऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर महिलाओं की उपलब्धता कराते थे। सूचना के आधार पर सामाजिक सुरक्षा विभाग ने बोगस ग्राहक और दो पंचों की मदद से शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात गोकुलपेठ स्थित होटल पेटल इन के सामने छापा मारा।
जांच में सामने आया कि गिरोह महिलाओं को कम समय में अधिक कमाई का लालच देकर इस धंधे में उतारता था और ग्राहकों तक पहुंचाकर देह व्यापार के लिए मजबूर करता था।
यह भी पढ़े -जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, अहिल्यानगर जिला परिषद के छह अभियंता निलंबित
विदेशी समेत पांच पीड़िताएं मुक्त : कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उज्बेकिस्तान की दो, पंजाब, दिल्ली और कोलकाता की एक-एक महिला सहित कुल पांच पीड़िताओं को मुक्त कराया। सभी को आवश्यक कानूनी और संरक्षण प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
5.18 लाख का माल जब्त : पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार, 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद सहित कुल 5.18 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
यह कार्रवाई सामाजिक सुरक्षा विभाग के पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटील के नेतृत्व में हेड कॉन्स्टेबल राम निरगुडवार, एनपीसी शेषराव राऊत, पुलिस कॉन्स्टेबल अश्विन मांगे, कुणाल मसराम, समीर शेख, महिला हेड कॉन्स्टेबल आरती चौहान तथा महिला पुलिस कॉन्स्टेबल पूनम शेंडे और अश्विनी खोडपेवार की टीम ने की।
Created On :   11 July 2026 6:35 PM IST














