Nagpur News: पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क पर नागपुर एटीएस का शिकंजा

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क पर नागपुर एटीएस का शिकंजा
  • नागपुर परिक्षेत्र के 6 जिलों में कार्रवाई
  • 10 युवक डिटेन; मोबाइल डेटा खंगाल रही जांच एजेंसी

Nagpur News पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शहजाद भट्टी से कथित सोशल मीडिया संपर्क रखने वाले 10 युवकों को महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) की नागपुर इकाई ने डिटेन कर गहन पूछताछ शुरू की है। एटीएस ने नागपुर परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छह जिलों में जिसमें नागपुर ,भंडारा ,गोंदिया ,गडचिरोली, वर्धा, यवतमाल जिले में एक साथ कार्रवाई करते हुए इन युवकों को हिरासत में लिया। फिलहाल इनके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल गतिविधियों की बारीकी से जांच की जा रही है।

प्राथमिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि युवकों का संपर्क केवल सोशल मीडिया तक सीमित था या फिर किसी संगठित नेटवर्क अथवा संदिग्ध गतिविधि से भी उनका संबंध रहा है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं विदेशी हैंडल से युवाओं को प्रभावित करने या संवेदनशील जानकारी जुटाने की कोशिश तो नहीं की गई।

एटीएस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि शहजाद भट्टी या किसी भी संदिग्ध विदेशी गैंगस्टर से जुड़ी पोस्ट, वीडियो या प्रचार सामग्री को बिना सत्यापन लाइक, शेयर या फॉरवर्ड न करें। ऐसी गतिविधियां जांच के दायरे में आ सकती हैं और आवश्यक होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

गौरतलब है कि शहजाद भट्टी का नाम लंबे समय से भारत विरोधी गतिविधियों और गैंगवार की चर्चाओं में आता रहा है। वह कभी भारतीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी होने का दावा करता था, लेकिन बाद में दोनों के बीच खुली दुश्मनी सामने आई और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। एटीएस का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपराधी नेटवर्क युवाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


Created On :   10 July 2026 1:33 PM IST

Tags

Next Story