- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- राम मंदिर दान निधि मामले की...
Nagpur News: राम मंदिर दान निधि मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का सत्याग्रह
Nagpur News महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को नागपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पोद्दारेश्वर राम मंदिर, संत्रा मार्केट के सामने शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल गुडधे ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की दान निधि में कथित अनियमितताओं और गबन के आरोपों की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। सत्याग्रह की शुरुआत मेयो अस्पताल चौक से हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने सफेद टोपी और तिरंगा दुपट्टा धारण कर ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाते हुए शांतिपूर्ण रैली निकाली। हाथों में तिरंगा और भजन-कीर्तन के साथ कार्यकर्ता पोद्दारेश्वर राम मंदिर पहुंचे। यहां सभी ने भगवान राम की पूजा-अर्चना कर देश में शांति, सद्भाव और सत्य की विजय की प्रार्थना की। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने गणेशपेठ पुलिस स्टेशन पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़े -बारिश में मुसीबत बन रहीं है सीमेंटेड सड़कों के बीच की कटिंग, मामूली चूक बन सकती है बड़े हादसे की वजह - इस तरह रहें सतर्क
जांच कर सच्चाई सामने लायें : सत्याग्रह को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर देशवासियों की आस्था का केंद्र है। मंदिर निर्माण और उसके विकास कार्यों के लिए देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा के अनुसार दान दिया है। ऐसे में मंदिर की दान निधि से जुड़े कथित घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। इन आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर सच्चाई देश के सामने लाई जानी चाहिए। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल गुडधे ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। उनके नाम पर एकत्रित की गई दान राशि को लेकर यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
यह भी पढ़े -एमए-एमकॉम विद्यार्थियों के लिए 9 जुलाई को प्लेसमेंट ड्राइव, टीसीएस मिहान में नौकरी का मौका
गुडधे ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन राजनीतिक नहीं बल्कि जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है। मंदिर में दान देने वाले श्रद्धालुओं को यह जानने का अधिकार है कि उनकी ओर से दी गई राशि का उपयोग किस प्रकार किया गया। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोढे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव नितिन कुंभलकर, विजय सरटकर, बंटी शेलके, सुरेश जग्यासी, नयना झाले, दीपक पटेल, सुहास नाटवटकर, पृथ्वी मोटघरे, कुमुदिनी गुडधे, प्रशांत ढाकणे, दुर्गेश प्रधान, दिनेश तराले, एडवोकेट अभय रणदिवे, राहुल अभंग, चंदू वाकोडकर, बाबा शेलके, आकाश तायवाडे, कृणाल निमगडे, रमेश ठाकरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Created On :   9 July 2026 4:33 PM IST













