- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में...
पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में थे चार युवक, तड़के कई जिलों में एटीएस की छापेमारी, हिरासत में 10 संदिग्ध

Nagpur News. महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने शुक्रवार तड़के विदर्भ के नागपुर समेत पांच जिलों में एक साथ छापेमार कार्रवाई कर 10 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये युवक सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के कथित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि युवाओं को बरगलाकर उनका इस्तेमाल गैरकानूनी अथवा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में किया जा सकता था।
सूत्रों के अनुसार, साइबर और खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना के आधार पर एटीएस ने यह कार्रवाई की। जांच में पता चला था कि महाराष्ट्र के कई जिलों के कुछ युवक सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी के संपर्क में थे और उनके बीच नियमित संवाद हो रहा था। इसी सूचना के आधार पर एटीएस की टीमों ने शुक्रवार तड़के नागपुर, चंद्रपुर, वर्धा, गोंदिया और गड़चिरोली जिलों में एक साथ छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान नागपुर से चार, चंद्रपुर से तीन तथा वर्धा, गोंदिया और गड़चिरोली से एक-एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
एटीएस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्ध कब से शहजाद भट्टी के संपर्क में थे, उनके बीच किस प्रकार की बातचीत होती थी, क्या उन्हें किसी विशेष गतिविधि के लिए निर्देश दिए गए थे और क्या उनके बीच किसी प्रकार का आर्थिक लेन-देन हुआ है।
जांच के तहत विशेषज्ञों की मदद से संदिग्धों के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोशल मीडिया अकाउंट और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जांच एजेंसियों को कोई ठोस आपत्तिजनक सामग्री हाथ नहीं लगी थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एटीएस ने पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखा है और जांच प्रभावित न हो, इसलिए हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Created On :   10 July 2026 6:25 PM IST













