हड़कंप: शराबी ऑटो चालक का सड़क पर तांडव, दो दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर, मासूम समेत चार घायल

शराबी ऑटो चालक का सड़क पर तांडव, दो दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर, मासूम समेत चार घायल
  • कार्रवाई से बचने के लिए पुलिस को धमकाया
  • आरोपी पर पहले से 26 मामले दर्ज
  • दो दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर

Nagpur News. शराब के नशे में धुत एक ऑटो चालक ने गुरुवार रात पारड़ी क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार ऑटो से उसने दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक मासूम बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद भी आरोपी नहीं रुका और मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने हंगामा करते हुए पुलिस को सड़क जाम करने की धमकी दी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस मामले में पारड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदोष मनुष्य वध के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रणय उर्फ अंकित राजकुमार देशमुख (28), निवासी अंबे नगर, पारड़ी है। वह गुरुवार रात करीब 8:45 बजे ऑटो क्रमांक एमएच-49-सीएफ-1740 को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। पहले उसने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मारी, जिसमें सवार एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद वह मौके से भाग निकला और कुछ दूरी पर एक अन्य दोपहिया वाहन को भी टक्कर मार दी, जिससे एक और व्यक्ति घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस नियंत्रण कक्ष ने संबंधित ऑटो की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पारड़ी यातायात शाखा के हवलदार अतुल ठाकरे ने संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया। आरोपी ने वाहन रोकने के बजाय हंगामा शुरू कर दिया, पुलिस को सड़क जाम करने की धमकी दी और कार्रवाई का वीडियो बनाने लगा।

पुलिस ने जब उसका ब्रीथ एनालाइजर परीक्षण कराया तो उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक कुख्यात बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों के कुल 26 मामले विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Created On :   10 July 2026 5:59 PM IST

Tags

Next Story