- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गौसिया कॉलोनी के बाद ताज नगर में...
Nagpur News: गौसिया कॉलोनी के बाद ताज नगर में करंट का खतरा, अमृत योजना के कामों में फिर उजागर हुई लापरवाही
Nagpur News गौसिया कॉलोनी में खुले बिजली के तार से करंट लगने से महिला की मौत के कुछ ही दिनों बाद अब ताज नगर में भी इसी तरह की लापरवाही सामने आई है। यहां अमृत योजना-2 के तहत सीवेज लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त बिजली का तार मिट्टी में दबा दिया गया, जिससे बरसात में पूरे क्षेत्र में करंट फैलने लगा। घटना में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरस्वती कैथवास करंट की चपेट में आ गईं, जबकि खुले तार से परिसर का एक आम का पेड़ भी जल गया।
सीवेज लाइन की खुदाई में क्षतिग्रस्त हुआ था बिजली का तार : प्रभाग-32 के ताज नगर में फरवरी में अमृत योजना-2 के तहत सीवेज लाइन डालने का कार्य किया गया था। आरोप है कि खुदाई के दौरान जेसीबी से बिजली का भूमिगत तार क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन ठेका एजेंसी कलथिया इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन ने इसकी सूचना महावितरण या मनपा के विद्युत विभाग को देने के बजाय तार को मिट्टी में दबा दिया।
बरसात शुरू होने के बाद पानी के संपर्क में आने से क्षेत्र में लगातार करंट फैलने लगा। दो दिन पहले पानी भरने जा रहीं 70 वर्षीय सरस्वती कैथवास को जोरदार बिजली का झटका लगा, जिससे वह गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल संभालकर उपचार के लिए भेजा।
आम का पेड़ भी करंट से झुलसा : स्थानीय लोगों के अनुसार, खुले करंट की वजह से इलाके में खड़ा एक आम का पेड़ भी पूरी तरह झुलस गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैल गया।
यह भी पढ़े -'मां जगदंबा रूठी हैं' कहकर बुजुर्ग महिला से तीन लाख की ठगी, चार आरोपियों की तलाश में पुलिस
सूचना मिलने पर क्षेत्र की नगरसेवक तथा मनपा की विद्युत एवं अग्निशमन समिति की सभापति रूपाली ठाकुर मौके पर पहुंचीं। उनके हस्तक्षेप के बाद महावितरण कर्मचारियों ने करंट वाले तार को हटाकर खंभे से डायरेक्ट कनेक्शन देकर अस्थायी व्यवस्था की।
फिर सवालों के घेरे में पीएचई विभाग : गौसिया कॉलोनी में 2 जुलाई को 60 वर्षीय अफरोज बेगम की करंट लगने से मौत के बाद भी अमृत योजना के कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। ताज नगर की घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग और ठेका एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
"सीवेज लाइन के काम के दौरान बिजली का तार क्षतिग्रस्त होने के बाद उसे मिट्टी में दबा दिया गया था। इसी वजह से बरसात में करंट फैल रहा था। महावितरण की मदद से फिलहाल अस्थायी व्यवस्था कर दी गई है।" रूपाली ठाकुर, सभापति, विद्युत एवं अग्निशमन समिति, मनपा
"मामले की जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी। अमृत योजना के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"- डॉ. विपिन इटनकर, मनपा आयुक्त
Created On :   11 July 2026 7:42 PM IST
















