- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सीवेज ट्रंक लाइन घोटाले पर दिलीप...
Nagpur News: सीवेज ट्रंक लाइन घोटाले पर दिलीप दिवे का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो आमरण अनशन
Nagpur News महानगरपालिका के प्रभाग क्रमांक 37 में सीवेज ट्रंक लाइन निर्माण में कथित लापरवाही और तकनीकी खामियों को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगरसेवक दिलीप दिवे ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भेजकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़े -पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में थे चार युवक, तड़के कई जिलों में एटीएस की छापेमारी, हिरासत में 10 संदिग्ध
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उनके ओएसडी सुनील मित्रा, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर के निर्देश पर लक्ष्मीनगर जोन के सहायक आयुक्त धनंजय जाधव सहित अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रंक लाइन निर्माण में तकनीकी खामियां सामने आने का दावा किया गया। अधिकारियों ने दो माह के भीतर सभी कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया।
बरसात में बढ़ी सीवेज की समस्या
दिवे के अनुसार, रविंद्र नगर, टेलिकॉम नगर, दीनदयाल नगर, स्वावलंबी नगर, शास्त्री लेआउट, आदिवासी कॉलोनी और गावंडे लेआउट में ट्रंक लाइन की खामियों के कारण बरसाती पानी के साथ सीवेज भरने की समस्या लगातार बनी हुई है। उनका आरोप है कि तीन वर्ष पहले बनी ट्रंक लाइन की तकनीकी त्रुटियां सुधारने के बजाय सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग नई पाइपलाइन बिछाने में जुटा है।
11 करोड़ के प्रोजेक्ट में लापरवाही का आरोप
दिवे ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में हिंगना नाका से पोहरा नदी तक लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से ट्रंक लाइन बिछाने का काम तापी कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया था। अधिकारियों की निगरानी के अभाव में रविंद्र नगर से सरोदे नगर तक करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन को लगभग एक मीटर ऊंचा बिछा दिया गया, जिससे सीवेज का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो गया और गंदा पानी एसटीपी तक नहीं पहुंच पा रहा है।
ढाई करोड़ की फिजूलखर्ची का आरोप
दिवे का कहना है कि पहले लगभग दो करोड़ रुपये खर्च कर ट्रंक लाइन बनाई गई, लेकिन तकनीकी खामी के कारण अब उसे जोड़ने के लिए करीब 60 लाख रुपये की नई 200 मीटर पाइपलाइन बिछाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता के टैक्स के करीब ढाई करोड़ रुपये की इस कथित फिजूलखर्ची की जिम्मेदारी कौन अधिकारी लेगा। उन्होंने पीएचई की अधीक्षक अभियंता श्वेता बनर्जी की कार्यप्रणाली की शिकायत महापौर से भी की है।
"यदि ट्रंक लाइन निर्माण में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो मैं आमरण अनशन करने को मजबूर होऊंगा। जनता के पैसे की बर्बादी और नागरिकों की परेशानी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।" – दिलीप दिवे, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगरसेवक, प्रभाग 37
Created On :   11 July 2026 6:19 PM IST
















