Nagpur News: दूसरे दिन भी धधकती रही पूर्णिमा परफ्यूम फैक्ट्री, लाखों का सामान खाक

  • रातभर चला रेस्क्यू, शनिवार को भी जारी रहा कूलिंग ऑपरेशन
  • अग्निशमन विभाग की नोटिस के बावजूद सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

Nagpur News कलमना रोड स्थित जुना कामठी के तुकाराम नगर में भारत पेट्रोल पंप के पास स्थित पूर्णिमा परफ्यूम वर्क्स की अगरबत्ती फैक्ट्री में शुक्रवार रात लगी भीषण आग पर दूसरे दिन भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। तीन मंजिला इमारत में रखी अगरबत्ती का कच्चा माल, लकड़ी, रासायनिक द्रव, परफ्यूम और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग अंदर ही अंदर सुलगती रही। लगातार कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया। हादसे में लाखों रुपये की सामग्री जलकर राख हो गई।

शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे आग लगने की सूचना मिलने पर कलमना, सिविल, सुगतनगर, वाठोडा और लकड़गंज अग्निशमन केंद्रों से छह दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। रातभर आग बुझाने के बाद भी शनिवार को गंजीपेठ अग्निशमन दल के प्रभारी विलास तिलगुड़े और सिविल स्टेशन के रूपेश मानके के नेतृत्व में दो दमकल वाहनों की मदद से कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में मौजूद अगरबत्ती पाउडर, परफ्यूम, प्लास्टिक पैकिंग और फर्नीचर के कारण आग बार-बार सुलगती रही।

पहले ही दिया था नोटिस : अग्निशमन विभाग का दावा है कि चार माह पहले फैक्ट्री में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक उपकरणों की कमी पाए जाने पर संचालकों को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर इमारत को असुरक्षित घोषित करते हुए तत्काल खाली करने का भी नोटिस दिया गया था।

सोमवार को होगा निरीक्षण : फैक्ट्री संचालक रहमत इस्माइल बेग ने दावा किया कि परिसर में अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम मौजूद थे, लेकिन भीषण आग में सब कुछ नष्ट हो गया। वहीं स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए लकड़गंज पुलिस में शिकायत की है। अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग पूरी तरह बुझने के बाद सोमवार को विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।


Created On :   11 July 2026 6:25 PM IST

Tags

Next Story