ई-बसों में सुविधा: दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत, अब बस में चढ़ना-उतरना होगा आसान

दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत, अब बस में चढ़ना-उतरना होगा आसान
  • ई-बसों में हाइड्रॉलिक प्लेटफॉर्म का प्रदर्शन
  • दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी
  • व्हीलचेयर समेत आसानी से होगी एंट्री

Nagpur News. सार्वजनिक बस में चढ़ने-उतरने के दौरान दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को अक्सर दूसरों के सहारे की जरूरत पड़ती है। भीड़भाड़ में यह सफर कई बार मुश्किल ही नहीं, बल्कि जोखिम भरा भी साबित होता है। अब यह परेशानी जल्द ही बीते दिनों की बात हो सकती है। नागपुर महानगरपालिका ने पीएम ई-बस सेवा के तहत आने वाली नई इलेक्ट्रिक बसों में हाइड्रॉलिक प्लेटफॉर्म की सुविधा देने की तैयारी शुरू कर दी है।

इसी के तहत मनपा मुख्यालय में हाइड्रॉलिक प्लेटफॉर्म का प्रात्यक्षिक आयोजित किया गया। महापौर नीता ठाकरे और विधायक मोहन मते की उपस्थिति में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस तकनीक का प्रदर्शन देखा तथा इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।


इस अवसर पर स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी, परिवहन समिति सभापति मंगला खेकरे, सदस्य सुधीर (बंडू) राऊत, जलापूर्ति समिति के उपसभापति विजय (पिंटू) झलके, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, प्रभारी अतिरिक्त आयुक्त एवं परिवहन व्यवस्थापक मिलिंद मेश्राम, प्रशासकीय अधिकारी योगेश लुंगे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

व्हीलचेयर समेत आसानी से होगी एंट्री

'आपली बस' सेवा में अब तक दिव्यांग यात्रियों और वरिष्ठ नागरिकों को बस में चढ़ने-उतरने में काफी कठिनाई होती थी। कई बार भीड़ के कारण उन्हें चोट लगने का खतरा भी रहता था। नई ई-बसों में लगाया जाने वाला हाइड्रॉलिक प्लेटफॉर्म व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं और चलने-फिरने में असमर्थ यात्रियों को बिना किसी परेशानी के बस में प्रवेश और बाहर निकलने में मदद करेगा।

प्रात्यक्षिक के दौरान दिव्यांग नागरिकों को प्लेटफॉर्म के संचालन, बस की तकनीकी विशेषताओं और यात्रियों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

150 अत्याधुनिक वातानुकूलित ई-बसें मिलेंगी

  • केंद्र सरकार के पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत नागपुर सहित देश के 100 शहरों का चयन किया गया है। योजना के अंतर्गत महानगरपालिका को 150 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें मिल रही हैं। इनमें से पहली 75 बसों का ऑनलाइन शुभारंभ इसी वर्ष फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
  • करीब 9 मीटर लंबी इन अत्याधुनिक ई-बसों के संचालन के लिए खापरी और कोराडी डिपो में चार्जिंग स्टेशन तथा अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
  • नई तकनीक से लैस ये बसें न केवल पर्यावरण के अनुकूल होंगी, बल्कि दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और सामान्य यात्रियों के लिए भी अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक सफर का अनुभव प्रदान करेंगी।

Created On :   12 July 2026 3:55 PM IST

Tags

Next Story