- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- टला बड़ा नुकसान - सीसीटीवी की मदद...
ऑपरेशन अमानत: टला बड़ा नुकसान - सीसीटीवी की मदद से यात्री को मिला ब्रीफकेस, करोड़ों की संपत्ति से जुड़े अहम दस्तावेज थे सुरक्षित

Nagpur News. यात्रा के दौरान सामान छूट जाना किसी भी यात्री के लिए चिंता का विषय होता है, लेकिन जब उस सामान में करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज हों, तो यह चिंता कई गुना बढ़ जाती है। ऐसा ही एक मामला रविवार सुबह नागपुर रेलवे स्टेशन पर सामने आया। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता, तकनीक के प्रभावी उपयोग और सीसीटीवी निगरानी की बदौलत यात्री का ब्रीफकेस सुरक्षित बरामद कर उसे सौंप दिया गया।
रेल मदद पोर्टल पर दर्ज शिकायत (क्रमांक 202607110581) के अनुसार, ट्रेन संख्या 20806 से यात्रा कर रहे मनीष कुमार श्रीवास्तव प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उतरते समय अपना ब्रीफकेस भूल गए थे। ब्रीफकेस में करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज रखे होने के कारण यात्री काफी परेशान थे।
शिकायत मिलते ही आरपीएफ नागपुर की सीपीडी टीम सक्रिय हो गई। टीम ने स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ ही देर में ब्रीफकेस की लोकेशन का पता लगाकर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए शिकायतकर्ता से व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से ब्रीफकेस की पहचान की पुष्टि की गई। इसके बाद दो पंचों की उपस्थिति में ब्रीफकेस खोला गया, जिसमें सभी मूल दस्तावेज सुरक्षित मिले। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ब्रीफकेस शिकायतकर्ता के अधिकृत प्रतिनिधि को सौंप दिया गया।
आरपीएफ की इस त्वरित और सतर्क कार्रवाई से एक संभावित बड़ा नुकसान टल गया। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी और जवाबदेह कार्यप्रणाली के प्रभावी समन्वय से यात्रियों की अमानत को सुरक्षित रखा जा सकता है। ब्रीफकेस मिलने पर शिकायतकर्ता ने आरपीएफ नागपुर का आभार व्यक्त किया। रेलवे का 'ऑपरेशन अमानत' यात्रियों के खोए सामान को सुरक्षित लौटाने की दिशा में लगातार भरोसेमंद पहल साबित हो रहा है।
Created On :   12 July 2026 3:49 PM IST













