- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 78 कोचिंग क्लासेस को थमाया नोटिस,...
लापरवाही: 78 कोचिंग क्लासेस को थमाया नोटिस, अग्निशमन सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी, अन्य लापरवाही भी सामने आई

Nagpur News. नागपुर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग ने 78 नए कोचिंग क्लासेस को नोटिस दिया है। लखनऊ में निजी कोचिंग संस्थान में आग लगने के बाद पहले नियमित निरीक्षण में 137 कोचिंग संस्थान मिले थे। अब नए सिरे से निरीक्षण में 78 के सुरक्षा इंतजामों की कमी, बेसमेट पार्किंग में बदलाव और रिहायशी इलाके में बगैर अनुमति समेत अन्य लापरवाही सामने आई है। इन सभी संस्थानों को जल्द से जल्द उपाय योजना करने को लेकर नोटिस जारी किया गया है।
यह भी पढ़े -उपराजधानी में मेडिकल बायोवेस्ट का 100% निस्तारण का दावा, हर महीने 155-156 मीट्रिक टन जैव-चिकित्सा कचरे का होता है प्रबंधन
यह सख्त निर्देश
अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक कोचिंग संस्थान वाली इमारतों में अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम पूरी तरह से नदारद है। संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी कोचिंग के लिए आ रहे हैं, लेकिन इमारतों में आपातकालीन निकासी, फायर एक्सटिंग्विशर मौजूद नहीं है। ऐसे में अग्निशमन सुरक्षा एवं जीवनसुरक्षा मानक अधिनियम 2006 (महाराष्ट्र फायर प्रिवेंशन एंड लाइफ सेफ्टी मेज़र्स एक्ट, 2006) की धारा 6 के तहत नोटिस देने की कार्रवाई शुरू की गई है। इस प्रावधान में संस्थान के संचालक को जल्द से जल्द अग्निशमन व्यवस्था और उपकरणों को लगाकर विभाग को सूचना देने का निर्देश दिया गया है। इस नोटिस कालावधि में उपाययोजना नहीं करने पर धारा 8 (1) के तहत असुरक्षित इमारत घोषित करने की प्रक्रिया करने की चेतावनी भी दी गई। उपाय योजना नहीं करने पर धारा 8 (2) में बिजली और जलापूर्ति बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।
इन स्थानों पर संचालन
मनपा अग्निशमन विभाग के निरीक्षण में कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी पाई गई है। तगड़ी फीस लेने के बाद भी सुरक्षा इंतजाम की पूरी तरह से अनदेखी हो रही है। इनमें झांसी रानी चौक के समीप संस्कृति संकुल, बजाज नगर, छावनी में अचरज टॉवर, नंदनवन, सीताबर्डी, वाठोडा, हुडकेश्वर, हनुमान नगर में क्रीड़ा चौक, बजेरिया में एम्प्रेस मॉल रोड, जगनाडे चौक, पारडी में नेताजी नगर, छत्रपति नगर, लंदन स्ट्रीट रोड, झिंगाबाई टाकली में बजरंग नगर, गोरेवाड़ा रिंग रोड, मानकापुर, दिनशा फैक्ट्री के समीप भूपेश नगर, गोंडवाना चौक स्थित खुल्लर अपार्टमेंट, धरमपेठ में वेस्ट हाईकोर्ट रोड पर शुभ कॉम्प्लेक्स और अभ्यंकर नगर के कोचिंग क्लासेस शामिल हैं।
यह भी पढ़े -गौसिया कॉलोनी के बाद ताज नगर में करंट का खतरा, अमृत योजना के कामों में फिर उजागर हुई लापरवाही
एक नजर में निरीक्षण
- पिछले 1 माह में शहर में ऐसे 78 आैर नए कोचिंग क्लासेस मिले
- नियमित जांच में पहले 137 कोचिंग क्लासेस मिले थे
- कोचिंग क्लासेस में अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन निकासी नहीं
- निवासी इलाके की इमारतों को कोचिंग क्लासेस में तब्दील
- कई इमारतों में अवैध रूप से बेसमेंट पार्किंग को कोचिंग सेंटर बनाया गया
कोई भी कोताही सहन नहीं होगी
मनपा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी तुषार बाराहाते ने बताया कि शहर के कोचिंग क्लासेस में सुरक्षा नियमों को लेकर लगातार जांच चल रही है। पहले करीब 137 संस्थान और अब नए 78 संस्थानों में सुरक्षा इंतजाम में कोताही पाई गई है। सभी को नोटिस देकर उपाय योजना के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस के बाद व्यवस्था को लेकर फिर से जांच अभियान आरंभ किया जाएंगा। उपाय योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Created On :   12 July 2026 4:54 PM IST













