इटावा '2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनेगी सपा की सरकार', शिवपाल यादव का दावा
इटावा, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है और 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की।
इटावा में शिवपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें पार्टी के तमाम पदाधिकारी शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक है और इस समय एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर इससे जुड़े काम करने हैं। साथ ही समाजवादी पार्टी की नीतियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है।
शिवपाल यादव ने कहा, "हमारे कार्यकर्ता अब पूरी तरह तैयार हैं। जनता ने मन बना लिया है कि वर्तमान सरकार झूठ बोलती है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अधिकारियों के माध्यम से भ्रष्टाचार कर रही है, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने कहा, "जनता ने भाजपा सरकार को हटाने का पूरी तरह मन बना लिया है। 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश में बनने जा रही है।"
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि उनके नेतृत्व में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "पूरा विपक्ष उनके खिलाफ है, इसलिए उन्हें खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए।"
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने से जुड़े सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडी गठबंधन का हिस्सा है और गठबंधन के दलों के बीच बातचीत होती रहती है। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को बदलना कांग्रेस का आंतरिक फैसला है, इसलिए उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इंडी गठबंधन एकजुट रहेगा और गठबंधन के दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Oct 2026 5:42 PM IST












