रीवा न्यूज: रात्रि के समय अस्पताल परिसर में शराब एवं मादक पदार्थों के सेवन पर रोकथाम के लिए जुटी पुलिस

रात्रि के समय अस्पताल परिसर में शराब एवं मादक पदार्थों के सेवन पर रोकथाम के लिए जुटी पुलिस
अस्पताल प्रशासन ने आम नागरिकों एवं मरीजों के परिजनों से अपील की है कि वे अस्पताल परिसर की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें

डिजिटल डेस्क रीवा।

संजय गांधी अस्पताल एवं चिकित्सालय रीवा में रात्रि के समय शराब अथवा मादक पदार्थों का सेवन कर अस्पताल परिसर में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान प्रारंभ किया गया है।बताया गया है कि इस अभियान के अंतर्गत संजय गांधी अस्पताल सहित चिकित्सालय रीवा के मुख्य प्रवेश द्वारों पर पुलिस द्वारा ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की जा रही है। रात्रि के समय अस्पताल में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर शराब के सेवन की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बताया गया है कि अस्पताल प्रशासन एवं पुलिस की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य अस्पताल परिसर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखना, मरीजों, उनके परिजनों तथा चिकित्सकीय एवं अन्य स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अस्पताल में बड़ी संख्या में गंभीर एवं संवेदनशील स्थिति वाले मरीज उपचाररत रहते हैं। ऐसे में शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर अस्पताल परिसर में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों के कारण होने वाली अव्यवस्था एवं संभावित विवादों को रोकने में यह व्यवस्था सहायक होगी। अस्पताल प्रशासन ने आम नागरिकों एवं मरीजों के परिजनों से अपील की है कि वे अस्पताल परिसर की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें तथा शराब अथवा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन कर अस्पताल में प्रवेश न करें।

पुलिस एवं अस्पताल प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यकतानुसार इस प्रकार की जांच एवं निगरानी आगे भी जारी रखी जाएगी।


Created On :   4 Oct 2026 5:25 PM IST

Tags

Next Story