Rewa News: हत्या कर नहर में फेंका, तीन दिन बाद मिला शव

हत्या कर नहर में फेंका, तीन दिन बाद मिला शव
नहर से शव बरामद करने के बाद संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय की मर्चुरी ले जाया गया।

डिजिटल डेस्क,रीवा। गोविंदगढ़ पुलिस ने तीन दिन से लापता युवक का शव नहर से बरामद किया है। टीआई विजय सिंह के मुताबिक, सहिजना डिहिया निवासी कमलेश साकेत 43 वर्ष की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था। दो आरोपियों को राउंडअप करने के बाद उनकी निशानदेही पर शनिवार को शव बरामद कर लिया है।

युवक की हत्या किस कारण से हुई है, इसकी जांच की जा रही है। मृतक 30 सितंबर से लापता था। परिजन ने एक अक्टूबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मृतक के भाई सुरेश के मुताबिक, एक घर में शराब पार्टी के बाद उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों के हौसले इतने बुलंद रहे कि हत्या के बाद फोन पर इसकी जानकारी भी खुद दी। बताया गया है कि पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर शव को अमिलिकी नहर में फेंक दिया था।

नौकरी और 20 लाख की मांग

नहर से शव बरामद करने के बाद संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय की मर्चुरी ले जाया गया। लेकिन परिजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। परिजन ने कहा कि मृतक की तीन बेटियां हैं। सरकार इनकी पढ़ाई की व्यवस्था करे। परिवार के एक सदस्य को नौकरी और 20 लाख की आर्थिक मदद की जाए। इस दौरान समाजसेवी जेपी कुशवाहा सहित कई लोग अस्पताल में मौजूद रहे।

Created On :   3 Oct 2026 8:40 PM IST

Next Story