रीवा न्यूज: स्थापना दिवस ..रामराज्य स्थापित करने के लिए सार्थक एवं रचनात्मक सहयोग अत्यावश्यक

स्थापना दिवस ..रामराज्य स्थापित करने के लिए सार्थक एवं रचनात्मक सहयोग अत्यावश्यक
समारोह की आध्यक्षता मानस विदुषी डॉ ज्ञानवती अवस्थी ने की

डिजिटल डेस्क रीवा।मानस मंडल रीवा का स्थापना दिवस समारोह भव्यता के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि रीवा एवं ग्वालियर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. राजकुमार आचार्य रहे। उन्होंने कहा कि हर भारतीय के मन मस्तिष्क में प्रभु श्री राम बसते हैं। उन्होंने कहा कि देश में पूर्ण रामराज्य स्थापित करने के लिए प्रत्येक भारतीय का सार्थक एवं रचनात्मक सहयोग अत्यावश्यक है। समारोह की आध्यक्षता मानस विदुषी डॉ ज्ञानवती अवस्थी ने की। तुलसी के रामराज्य का भारतीय परिप्रेक्ष्यविषयक राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में मानस मंडल की ओर से प्रो. राजकुमार आचार्य को डॉ. ज्ञानवती अवस्थी सम्मान, जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विवि चित्रकूट के कुलपति प्रो. शिशिर पाण्डेय को भैयालाल शुक्ला स्मृति सम्मान, नेत्र चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ राजेश सिंह की डॉ. सज्जन सिंह सम्मान तथा अखिलेश गुप्ता को सत्यनारायण गुप्ता स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। मानस मंडल की ओर से यह सम्मान अध्यक्ष सुभाष बाबू पाण्डेय द्वारा मंडल के पदाधिकारियों के सहयोग से प्रदान किये गए। समारोह का संचालन, मंडल सदस्य डॉ मुकेश येंगल ने किया। आयोजित समारोह में डॉ. ज्ञानवती अवस्थी द्वारा रचित पांच पुस्तकों तथा रीवा के पूर्व डिप्टी कमिशनर डॉ. नवीन तिवारी द्वारा औषधीय पौधों पर लिखी किताब का लोकार्पण किया गया। रमेश प्रताप सिंह ने अपनी लिखी किताब के लोकार्पण के बाद पुस्तक वितरित भी किया। समारोह के द्वितीय सत्र में समाजशास्त्री डॉ .महेश शुक्ला की अध्यक्षता एवं शिक्षाविद् नलिन दुबे के सहयोग से राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें कई शोध पत्रों का वाचन किया गया। समारोह के तृतीय चरण में पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण कुमार सिंह एवं सहयोगियों द्वारा संगीतमय सामूहिक सुंदरकांड गायन एवं गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित भजन प्रस्तुत किये गए।


Created On :   3 Oct 2026 6:39 PM IST

Tags

Next Story