- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- रीवा-सीधी मार्ग चौड़ीकरण में भूमि...
रीवा न्यूज: रीवा-सीधी मार्ग चौड़ीकरण में भूमि अधिग्रहण का मामला भोपाल पहुंचा

डिजिटल डेस्क रीवा।रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 के चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजा वितरण में कथित अनियमितताओं का मामला अब भोपाल तक पहुंच गया है। ग्राम पंचायत रीठी के सरपंच रामसेवक पटेल ने भोपाल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से उनके निवास पर मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।
सरपंच रामसेवक पटेल ने मंत्री को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 के निर्माण के लिए किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है, लेकिन मुआवजा राशि के वितरण में कथित तौर पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कराने और प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी प्रभारी मंत्री को सौंपा गया। मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुलाकात के बाद किसानों को उम्मीद है कि भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा वितरण से जुड़े मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाएगी और पात्र किसानों को उनका अधिकार मिल सकेगा।
Created On :   3 Oct 2026 6:43 PM IST












