पर्यावरण: पूर्वोत्तर में बाढ़ की स्थिति गंभीर, गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से की बात

गुवाहाटी, 1 जून (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही छह राज्यों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम (हिमंत बिस्वा सरमा), अरुणाचल प्रदेश (पेमा खांडू) और सिक्किम (प्रेम सिंह तमांग) के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल (अजय कुमार भल्ला) से टेलीफोन पर बातचीत की और बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
गृह मंत्री ने बाढ़ प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की मदद का भी आश्वासन दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में गृह मंत्री ने बताया, "असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में जारी भारी बारिश के मद्देनजर बात की। साथ ही उन्हें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है।"
विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकारियों के अनुसार, 29 मई से जारी बारिश और बाढ़ के दौरान हुई 34 मौतों में असम में कम से कम 10 लोग मारे गए, इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में नौ, मेघालय और मिजोरम में छह-छह, त्रिपुरा में दो और नागालैंड में एक व्यक्ति की मौत हुई।
पूर्वोत्तर राज्यों के आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि ये मौतें डूबने, भूस्खलन और जलभराव के कारण हुई हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की रिपोर्ट के अनुसार, 19 जिलों में बाढ़ और बारिश से 3.64 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि 19 जिलों के 764 गांवों में 3,524.38 हेक्टेयर से अधिक फसल भूमि प्रभावित हुई है।
त्रिपुरा में 2,800 परिवारों के 10,600 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों ने आठ जिलों में से चार - पश्चिमी त्रिपुरा, खोवाई, उनाकोटी और उत्तरी त्रिपुरा में 60 राहत शिविरों में शरण ली है।
मणिपुर में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने कहर बरपाया है। पिछले 48 घंटों में राज्य भर में बाढ़ और भूस्खलन के कारण 3,802 लोग प्रभावित हुए हैं और 883 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
मेघालय में गुरुवार से लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के कारण 86 गांवों के 1,300 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 37 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Jun 2025 11:48 PM IST