गांदरबल एनकाउंटर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिया मजिस्ट्रियल जांच का आदेश, 7 दिन में मांगी रिपोर्ट
श्रीनगर, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गांदरबल जिले के अरहामा इलाके में हुए एनकाउंटर को लेकर मजिस्ट्रियल जांच का आदेश दिया है। यह कदम उस समय उठाया गया, जब एनकाउंटर के बाद इलाके में भारी आक्रोश और विवाद पैदा हो गया। मनोज सिन्हा ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और व्यापक होगी और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया गया कि अरहामा (गांदरबल) की घटना की गहन और निष्पक्ष मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। यह जांच घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि न्याय मिले।
घटना 1 अप्रैल की देर शाम को गांदरबल के अरहामा में हुए एनकाउंटर में राशिद अहमद मुगल निवासी चुंटवालीवार लार की मौत हो गई थी। सुरक्षा बलों के अनुसार, एनकाउंटर में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया, जबकि मृतक के परिवार का दावा है कि राशिद का आतंकवाद या किसी अवैध गतिविधि से कोई संबंध नहीं था। इस बात ने पूरे इलाके में और राजनीतिक गलियारों में सवाल खड़े कर दिए।
इस घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के गृह विभाग ने गांदरबल के जिलाधिकारी को आदेश दिया कि वे मामले की निष्पक्ष मजिस्ट्रियल जांच कराएं। जांच का उद्देश्य राशिद अहमद मुगल की मौत से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाना है। जांच को सात दिनों के भीतर पूरा करने और रिपोर्ट सीधे गृह विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद अगा रूहुल्लाह मेहदी ने भी गांदरबल एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए गहन जांच की मांग की थी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच से ही सच सामने आ सकता है और न्याय सुनिश्चित किया जा सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 1:30 PM IST












