दिल्ली के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में ज्वेलरी लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में ज्वेलरी लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए लूट के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की लगातार जांच, तकनीकी निगरानी और फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए इस वारदात को सुलझाया गया। खास बात यह रही कि एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि बाकी दो को हरियाणा के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया।

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए लूट के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की लगातार जांच, तकनीकी निगरानी और फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए इस वारदात को सुलझाया गया। खास बात यह रही कि एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि बाकी दो को हरियाणा के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया।

यह मामला 29 मार्च 2026 का है। चांदनी चौक स्थित एक ज्वेलरी की दुकान में काम करने वाले रविंदर यादव काम खत्म करके घर लौट रहे थे। उनके पास गहनों के तीन पैकेट थे, जिनमें से दो उन्होंने अपनी बनियान के अंदर छिपा रखे थे और एक पैकेट पतलून की जेब में रखा था। जब वह आनंद विहार रेलवे स्टेशन के पास फुटओवर ब्रिज पर पहुंचे, तभी तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। एक आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया, जबकि बाकी दो ने जबरन उनकी जेब से गहनों का पैकेट छीन लिया।

पीड़ित के शोर मचाने पर वहां पास में गश्त कर रही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और एक आरोपी प्रशांत को वहीं पकड़ लिया। हालांकि उसके दो साथी फरार हो गए। इस घटना के बाद पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने पकड़े गए आरोपी से लगातार पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों बबलू और टार्जन के नाम बताए। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर उनकी तलाश शुरू की।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बबलू हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली क्षेत्र के गांव बांगड़ में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने वहां छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरे आरोपी टार्जन की लोकेशन मेरठ तक ट्रैक की गई, लेकिन वह शुरू में पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। हालांकि पुलिस ने हार नहीं मानी और लगातार निगरानी जारी रखी। आखिरकार पुख्ता जानकारी के आधार पर उसे सोनीपत के महेंद्रगढ़ बाईपास के पास एक घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद कर लिए। इनमें एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल है, जिनका उपयोग आरोपियों ने लूट की घटना को अंजाम देने में किया था।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं। जल्दी पैसे कमाने के लालच में उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं ये आरोपी पहले किसी अन्य आपराधिक मामले में शामिल तो नहीं रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 April 2026 1:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story