गंभीर नहीं गावी के घुटने की चोट, मगर बिलबाओ के खिलाफ उतरना संदिग्ध
मैड्रिड, 24 अगस्त (आईएएनएस)। बार्सिलोना के मिडफील्डर गावी एथलेटिक क्लब बिलबाओ के खिलाफ गुरुवार को होने वाले ला लीगा मुकाबले से बाहर रह सकते हैं। घुटने में चोट के कारण उनकी उपलब्धता पर संशय बना हुआ है, हालांकि मेडिकल टेस्ट में चोट गंभीर नहीं पाई गई।
स्पेनिश खिलाड़ी रविवार को एल्चे के खिलाफ 5-0 की जीत के दौरान हाफटाइम से ठीक पहले दाहिने घुटने में चोट लगने के कारण बाहर हो गए थे।
गावी को पहले भी इसी घुटने में समस्या रही है। ऐसे में इस ताजा चोट ने फैंस की चिंता बढ़ा दी थी। 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, क्रूसिएट लिगामेंट फटने के कारण वह 2024 के ज्यादातर समय नहीं खेल सके थे और 2025 में उनके घुटने की की-होल सर्जरी हुई थी, जिससे वह और पांच महीने तक बाहर रहे थे।
बार्सिलोना ने पुष्टि की है कि सोमवार सुबह गावी के टेस्ट हुए, जिनमें लिगामेंट को और नुकसान होने की बात गलत साबित हुई। क्लब ने अपनी वेबसाइट पर कहा, "कल के मैच के दौरान गावी के दाहिने घुटने पर चोट लगी थी। आज सुबह किए गए मेडिकल टेस्ट से पुष्टि हुई है कि यह सिर्फ चोट (ब्रूजिंग) है और उम्मीद है कि वह जल्द ही ट्रेनिंग में लौट आएंगे।"
बार्सिलोना के कोच हैंसी फ्लिक ने रविवार को कहा, "यह चोट उतनी गंभीर नहीं है, जितना हमें डर था जब वह गिरे थे।"
हालांकि, गावी के घुटने की समस्याओं के इतिहास को देखते हुए, फ्लिक के 22 वर्षीय खिलाड़ी के साथ कोई जोखिम लेने की संभावना नहीं है। ऐसे में उनका गुरुवार के मैच में खेलना संदिग्ध है। नए खिलाड़ी रोड्रि एथलेटिक के खिलाफ बार्सिलोना के लिए डेब्यू कर सकते हैं।
एफसी बार्सिलोना ने रविवार को एल्चे के खिलाफ 5-0 की शानदार जीत के साथ अपने ला लीगा खिताब के बचाव की शुरुआत की थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Aug 2026 12:03 AM IST












