गोरखपुर में गज भर जमीन के लिए भाई बना कातिल, युवक की गोली मारकर हत्या
लखनऊ, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गुरुवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां गज भर जमीन के लिए चचेरे भाई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव की है।
आरोप है कि खेत की जुताई कराने के सिलसिले में गांव पहुंचे युवक को उसके चचेरे भाई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान करनपुरा गांव निवासी आदर्श पांडेय (21) के रूप में हुई है। आदर्श अपने पाही गांव मेथौली, थाना हरपुर-बुदहट से करनपुरा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका अपने चचेरे भाई राधेश्याम पांडेय से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बीच राधेश्याम ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से आदर्श को गोली मार दी। गोली लगते ही आदर्श ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आदर्श की अभी शादी नहीं हुई थी। वह घर पर रहकर खेती-किसानी का काम करता था। वह तीन भाइयों में से एक था। उसके दो भाई बाहर रहकर निजी कंपनियों में नौकरी करते हैं। आदर्श की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आदर्श की हत्या की घटना ने परिवार और गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। महज कुछ गज जमीन के विवाद ने एक घर का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया, फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस ने आरोपी की तलाश में टीम गठित कर उसकी गिरफ्तारी की कार्यवाही शुरू कर दी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Oct 2026 5:18 PM IST












