Bhopal News: भूमि विकास बैंक में अब भी बंधक रखी जमीन को मुक्त कराएं सरकार- दिग्विजय सिंह

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। भूमि विकास बैंक में अब भी बंधक रखी जमीन के कारण प्रदेश के कई किसान अब भी परेशान हो रहे हैं। इसको लेकर गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि परिसमापनाधीन व भूमि विकास बैंक से संबंधित किसानों की बंधक भूमि को राज्य सरकार जल्द बंधकमुक्त करवाएं। दिग्विजय ने पत्र के साथ्ज्ञ पूर्व सदस्य, कृषि सलाहकार परिषद, केदार सिरोही के ई-मेल का उल्लेख किया और कहा कि भूमि विकास बैंक के बंद अथवा परिसमापनाधीन होने के बावजूद प्रदेश के अनेक किसानों की भूमि आज भी राजस्व अभिलेखों में बैंक के पक्ष में बंधक दर्ज है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ऐसे किसान, जिन्होंने बैंक का ऋण अथवा समझौते के तहत निर्धारित राशि जमा कर दी है, उनकी भूमि का बंधक अब तक समाप्त नहीं किया किया गया है जो कि गंभीर समस्या है।
इसके कारण किसानों को अपनी ही भूमि के विक्रय, नामांतरण, विभाजन सहित अन्य आवश्यक राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा। ऋण का भुगतान कर चुके किसानों की भूमि को वर्षों तक बंधक बनाए रखना उचित नहीं है। इससे किसानों के भूमि संबंधी अधिकार प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस मामले में सहकारिता एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं। पात्र किसानों की भूमि को शीघ्र बंधक-मुक्त कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सिंह ने यह भी मांग की है कि बंधक समाप्त होने के बाद राजस्व अभिलेखों के साथ-साथ एमपी भू-अभिलेख पोर्टल पर भी आवश्यक संशोधन तत्काल कराया जाए। जिससे किसानों को भविष्य में भूमि के क्रय-विक्रय, नामांतरण, विभाजन अथवा अन्य कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने राज्य सरकार से इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर लेकर प्रदेशभर में लंबित ऐसे सभी मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
Created On :   22 Aug 2026 7:00 PM IST












