ग्रेटर नोएडा किराये पर गाड़ी लेकर राहगीरों से करते थे लूटपाट, पांच आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा किराये पर गाड़ी लेकर राहगीरों से करते थे लूटपाट, पांच आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों से लूटपाट और टैक्सी चालकों से मोबाइल व कैश छीनने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो कारें, कैश, दो तमंचे, कारतूस और तीन चाकू बरामद किए हैं।

ग्रेटर नोएडा, 18 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों से लूटपाट और टैक्सी चालकों से मोबाइल व कैश छीनने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो कारें, कैश, दो तमंचे, कारतूस और तीन चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सिंह, दीपांशु, तरुण ठाकुर, नवाब भाटी उर्फ संदीप भाटी और मोहित राजपूत के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को सेक्टर ईटा-01 के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में रात के समय सक्रिय रहता था और राह चलते लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठाकर उनसे मारपीट कर मोबाइल, नगदी और अन्य कीमती सामान लूट लेता था।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी टैक्सी चालकों को निशाना बनाने के लिए अपनी गाड़ियों को जानबूझकर लहराते हुए चलाते थे। जब चालक उन्हें रोकता या विरोध करता, तो आरोपी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर मोबाइल, कैश और जरूरी सामान लूट लेते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी टैक्सी चालक की गाड़ी की चाबी भी छीन लेते थे, ताकि पीड़ित उनका पीछा न कर सके।

पुलिस के मुताबिक, 16 मई 2026 को सेक्टर ईटा-01 के पास एक टैक्सी चालक के साथ इसी तरह की घटना को अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने चालक से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, 5 हजार रुपए और कार की चाबी लूट ली। इस मामले में थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिली और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वारदात के लिए ज्यादातर किराये की गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे।

घटना के बाद वाहन मालिकों को गाड़ियां वापस कर दी जाती थीं, जिससे पुलिस को उन तक पहुंचने में कठिनाई हो। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वेन्यू और थार कार बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल लूट की घटनाओं में किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहित राजपूत और अन्य के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इनके द्वारा की गई अन्य घटनाओं की जांच कर रही है। वहीं, बरामद मोबाइल फोन के आधार पर अन्य पीड़ितों की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

--आईएएनएस

पीकेटी/वीसी

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 May 2026 6:11 PM IST

Tags

Next Story