आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार, 155 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड में बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को 155 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड मामले में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए। जैसे ही ईडी की टीम दीपक सिंगला को अपने साथ लेकर निकली, समर्थकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी शुरू कर दी।
यह पूरी कार्रवाई महेश टिंबर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े 155 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी मामले में की गई है। इस फाइनेंशियल फ्रॉड के तार पहले से गिरफ्तार पंजाब के मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा से भी जुड़े हुए हैं। इसी कड़ी को जोड़ने और पूरे नेटवर्क को समझने के लिए ईडी ने बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया।
सोमवार सुबह ईडी की टीम ने दिल्ली और गोवा समेत 7 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ रेड की। ये छापेमारी दीपक सिंगला, महेश सिंगला, अमरिक गिल और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर की गई। जांच के दौरान एजेंसी को कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिले, जिसके बाद दीपक सिंगला को हिरासत में ले लिया गया।
ईडी का कहना है कि आरोपी कंपनियों और उनसे जुड़े लोगों ने बैंकों से फर्जी दस्तावेजों और गलत जानकारी के जरिए करोड़ों रुपए का लोन लिया और फिर उस रकम का गलत इस्तेमाल किया। अब एजेंसी इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह पैसा कहां-कहां ट्रांसफर किया गया और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सूत्रों का दावा है कि दीपक सिंगला का नाम इस घोटाले में सीधे तौर पर सामने आया है। उनके अलावा महेश सिंगला और अमरिक गिल की भूमिका भी जांच के दायरे में है। फिलहाल ईडी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस मामले कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 6:03 PM IST












